वियजादशमी पर भारत से अमेरिका तक होगा सुंदर कांड का पाठ, ऑनलाइन के विभिन्न माध्यमों से जुड़ेंगे देश-विदेश के लोग

समग्र समाचार सेवा
रांची, 20 अक्टूबर।
कोरोना महामारी के आतंक से जहां एक तरफ मंदिरों और पुजा-पाठ पर पाबंदियां लगी हुई है वही ऑनलाइन एक ऐसा माध्यम बन चुका है जिससे लाखों लोग एक साथ कोई भी कार्यक्रम आयोजित कर सकते है, हिस्सा ले सकते है। जी हां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अनुषांगिक संगठन एकल अभियान के प्रयास से विजयादशमी के दिन ऑनलाइन भारत से लेकर अमेरिका तक सुंदर कांड का पाठ होगा जिसमें 25 लाख परिवार शामिल होंगे। न्यूजीलैंड, कनाडा, हांगकांग, लीबिया, इंग्लैंड सहित कई देशों में रहने वाले एकल अभियान से जुड़े लोगों ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।

सभी लोग अपने-अपने घरों में पाठ करेंगे। इसके लिए सुबह छह बजे से लेकर रात्रि 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। झारखंड की राजधानी रांची के आरोग्य भवन में मुख्य कार्यक्रम होगा। श्रीहरि कथा सत्संग योजना के कथावाचक पाठ करेंगे। यहीं से देश-विदेश में ऑनलाइन के विभिन्न माध्यमों यथा फेसबुक, यूट्यूब, वेबसाइट, सुभारती चैनल आदि से सीधा प्रसारण होगा।

इस उपलब्धि को गिनीज बुक्स ऑफ वर्ल्‍ड रिकॉडर्स में दर्ज कराने के लिए संबंधित प्राधिकार से संपर्क किया गया है। एकल अभियान के संस्थापक व आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक श्यामजी गुप्त ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को संस्कारित करना है। बच्चों को अपनी सभ्यता व संस्कृति से अवगत कराना है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराना आवश्यक है। इसके लिए पंजीकरण लिंक forms.gle/TdEEU7sTqbcUsYzy6 पर जाएं और रजिस्‍ट्रेशन कराएं।

विदेशों से जुडऩे वाले सदस्यों के समय को ध्यान में रखते हुए आरोग्य भवन से इस पाठ का सीधा प्रसारण का समय सायं चार बजे से 7.30 बजे का होगा। इसमें चार से पांच बजे तक देश/विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे पाठ की झलकियां दिखाई जाएंगी और सायं पांच बजे से सुंदर कांड का पाठ शुरू होगा।

Comments are closed.