एक दिन में कोरोना से 1072 लोगों की मौत

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 4 फरवरी। देश में कोरोना संक्रमण तेजी से घट रहा है। संक्रमण दर घटकर 9.27 फीसदी पहुंच गई है। हालांकि, देश में कोरोना से होनी वाली मौतों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1072 मौतें हुईं। इसके बाद अब तक कोरोना के कारण जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 5,00,055 पहुंच गया। इसके बाद भारत दुनिया का तीसरा देश बन गया, जहां कोरोना से पांच लाख से ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं।

देश में आज 1.49 लाख  नए मरीज

देश में आज कोरोना के 1.49 लाख (1,49,394) नए मरीज सामने आए हैं। यह संख्या कल के मुकाबले 13 फीसदी कम है। पिछले 24 घंटों में  2,46,674 लोग ठीक भी हुए। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, देश में संक्रमण दर अब घटकर 9.27 फीसदी पहुंच गई है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक, भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 16,11,666 सैंपल टेस्ट किए गए।  इसके बाद कल तक देश में कुल 73,58,04,280 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

भारत का विश्व का तीसरा सबसे अधिक मौतों वाला देश

भारत विश्व का तीसरा ऐसा देश बन गया है, जहां आधिकारिक तौर पर कोरोना से पांच लाख से ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा 9.1 लाख मौतें अमेरिका में हुई हैं। दूसरे नंबर पर ब्राजील में 6.3 लाख से ज्यादा मौतें हुईं। इसके बाद तीसरा नंबर भारत का है, जहां पांच लाख से ज्यादा मौतें कोरोना से हो चुकी हैं। चौथे स्थान पर रूस है, जहां करीब 3.3 लाख मौतें दर्ज की गई हैं।

अब देश में 14 लाख सक्रिय मामले

शुक्रवार को सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब कोरोना के 14.35 (14,35,569) लाख सक्रिय मामले बचे हैं। वहीं अब तक 168.47 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।

Comments are closed.