8 दिन पहले पहुंचा मानसून, केरल समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

समग्र समाचार सेवा,

नई दिल्ली, 24 मई: देशभर में गर्मी से राहत की खबर सामने आई है। इस बार मानसून ने अपने तय वक्त से 8 दिन पहले ही केरल के तट पर दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी है। पिछले 16 वर्षों में पहली बार मानसून इतनी जल्दी दक्षिण भारत में पहुंचा है।

IMD के मुताबिक, “दक्षिण-पश्चिम मानसून आज यानी 24 मई को केरल पहुंच गया है, जबकि सामान्यत: इसकी तिथि 1 जून होती है।” इसका मतलब यह है कि मानसून इस बार समय से पूरे 8 दिन पहले आ गया है, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों में जल्दी राहत की उम्मीद की जा रही है।

मानसून की ऐतिहासिक एंट्री

केरल में मानसून का सामान्य आगमन 1 जून को होता है, लेकिन इससे पहले 2001 और 2009 में मानसून 23 मई को पहुंचा था। सबसे जल्दी मानसून साल 1918 में 11 मई को केरल पहुंचा था, जबकि 1972 में सबसे देर से 18 जून को मानसून आया था।

भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि देश के 15 राज्यों में आने वाले दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इनमें बिहार, झारखंड और ओडिशा में 26 मई तक मूसलधार बारिश हो सकती है।

गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल के तटीय इलाकों में 200 मिमी तक बारिश की आशंका जताई गई है, जो अगले 7 दिनों तक जारी रह सकती है।

 तीन राज्यों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने कर्नाटक, गोवा और केरल के कुछ हिस्सों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है:

  • कर्नाटक के उत्तरा कन्नड़, उडुपी, दक्षिण कन्नड़, कोडागु, शिवमोग्गा और चिकमंगलूर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी।
  • गोवा में 25 मई तक अत्यधिक बारिश की आशंका के चलते रेड अलर्ट।
  • केरल के कई जिलों में 27 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश के लिए चेतावनी जारी की गई है।

क्या है आगे की स्थिति?

जल्द पहुंचे मानसून से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर सतर्कता भी बरतनी होगी। प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है और NDRF टीमें भी सक्रिय कर दी गई हैं।
मानसून की यह असामयिक दस्तक जहां किसानों के लिए उम्मीद की किरण बनकर आई है, वहीं आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर यह एक बड़ी चुनौती भी बन सकती है। मौसम विभाग लगातार अपडेट जारी कर रहा है, ऐसे में लोगों से अपील है कि वे मौसम की चेतावनियों पर ध्यान दें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

 

Comments are closed.