राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का 65वां जन्मदिन आज, पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने दी बधाई

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 20जून। देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आज जन्मदिन है. राष्ट्रपति मुर्मु अपने इस दिन को और भी खास बनाने के लिए राष्ट्रपति भवन स्थित कल्याण केंद्र और अमर ज्योति चेरिटेबल ट्रस्ट में बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाएंगी. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उन्हें ‘बुद्धि और गरिमा की किरण’ बताया.

पीएम मोदी ने मंगलवार सुबह एक ट्वीट में लिखा, “राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की बधाई. ज्ञान, गरिमा और हमारे लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता की एक किरण, वह राष्ट्र की प्रगति को आगे बढ़ाने के उनके प्रयासों के लिए प्रशंसित हैं. उनका समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है.” उन्होनें ट्वीट में आगे लिखा कि वह राष्ट्रपति मुर्मू के अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामने करते हैं.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी। अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, ‘राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। राष्ट्र सेवा व समाज के हर वर्ग के कल्याण के प्रति आपका समर्पण प्रेरणीय है। प्रशासनिक व जनसेवा के क्षेत्र में आपके अनुभव का लाभ देश को मिल रहा है। आपके स्वास्थ्यपूर्ण सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।’

बता दें द्रौपदी मुर्मु का जन्म 20 जून, 1958 को ओडिशा के रायरंगपुर के बैदापोसी क्षेत्र के उपरबेड़ा गांव में हुआ था. उन्होनें पिछले साल 25 जुलाई को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी, इस दौरान उन्हें 21 तोपों की सलामी भी दी गई थी. वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति हैं और प्रतिभा पाटिल के बाद शीर्ष पद पर नियुक्त होने वाली दूसरी महिला हैं. इससे पहले उन्होनें 2015 से 2021 तक झारखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य किया. उन्होंने 2000 से 2009 तक ओडिशा विधान सभा के सदस्य के रूप में भी कार्य किया है. वह 2000 से 2004 तक ओडिशा सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी रह चुकी हैं.

Comments are closed.