समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 12नवंबर।देश के चार राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का काम जोर शोर से जारी है। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव का प्रचार समाप्त होने में अब केवल चार दिन बचे है। इस बीच, सभी राजनीतिक दल जोर-शोर से चुनाव प्रचार में लगे हुए है। दीपावली के कारण राजनीतिक बैठकें और रैलियों की बजाय व्यक्तिगत सम्पर्क और दिवाली बैठकों के माध्यम से प्रचार पर ज्यादा जोर दिया जस रहा है। भारतीय जनता पार्टी कमल दिवाली और कांग्रेस पार्टी दिवाली कांग्रेस वाली के माध्यम से कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के साथ सम्पर्क करने में जुटी हुई है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी किया है। इसमें भाजपा के मध्य प्रदेश संकल्प पत्र 2023 मे पार्टी ने सर्व कल्याण का संकल्प, मध्य प्रदेश में भाजपा ही विकल्प विषय रखा है।
संकल्प पत्र में 10 प्रमुख संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को शामिल किया गया है।उधर, निर्वाचनg आयोग समाज के विभिन्न वर्गों की सहायता से मतदाता जागरूक अभियान चला रहा है।छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रचार चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवारों की जनसभाओं को संबोधित किया। सिंह ने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी तो माओवाद की समस्या का समाधान किया जायेगा। राज्य के एक दिन के दौरे के दौरान राजनाथ सिंह ने दुर्ग जिले के मनेन्द्रगढ और पाटन में जनसभाओं को संबोधित किया। उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के कई जिलों में पार्टी के उम्मीदावारों के पक्ष में जनसभाएं कीं।
राजस्थान में भी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस, भाजपा और अन्य दल लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दीपावली के त्यौहार के कारण अगले दो दिन कांग्रेस और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के चुनावी दौरे कम होंगे।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज तेलंगाना में सिकंदराबा में परेड ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित किया। मोदी का पिछले तीन दिन में तेलंगाना का यह दूसरा दौरा है। इस बीच, विभिन्न दलों के प्रमुख नेता भी प्रचार में जुटे हैं।
तेलंगाना विधानसभा चुनाव में, नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया समाप्त होने के साथ ही चुनाव प्रचार तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस सहित प्रमुख दलों ने नामांकन दाखिल करने वाले अपने बागी उम्मीदवारों को मनाने के हरसंभव प्रयास किए हैं। इस बीच, स्टार प्रचारक और उम्मीदवार राज्य में चुनाव प्रचार पर ध्यान दे रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी दीपावली के बाद विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रचार के अंतिम चरण में 26 और 27 नवम्बर को चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश, गोवा तथा असम के मुख्यमंत्री भी राज्य में रैलियां करेंगे। कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी भी दीपावली के बाद दूसरे दौर के प्रचार में जुट जाएंगे।
Comments are closed.