समग्र समाचार सेवा
मुर्शिदाबाद,18फरवरी।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में निमटीटा रेलवे स्टेशन पर अज्ञात बदमाशों ने बम से कई हमले किए जिसमें राज्य के मंत्री जाकिर हुसैन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मंत्री के साथ मौजूद कम से कम दो और लोग भी इस हमले में घायल हुए हैं।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने बताया कि श्रम राज्य मंत्री हुसैन स्टेशन के 2 नंबर प्लेटफॉर्म पर रात करीब 10 बजे कोलकाता जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ। उन्होंने बताया कि मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुरा से विधायक और दो अन्य लोगों को जंगीपुरा उप संभागीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें कोलकाता रेफर कर दिया गया। मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक अमिय कुमार बेरा ने बताया कि जाकिर हुसैन की हालत स्थिर हैं और अब वे खतरे से बाहर हैं। उनके एक हाथ और एक पैर में चोटें आई है।
बता दें कि रेल मंत्री पीयूष गोयल ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि ‘मैं पश्चिम बंगाल के निमटीटा रेलवे स्टेशन पर हुए नृशंस बम हमले की निंदा करता हूं। इस हमले में जो घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए मैं प्रार्थना करता हूं।’
तृणमूल के नेता एवं वरिष्ठ मंत्री मलय घटक ने इस हमले के लिए पार्टी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि तृणमूल से निष्कासित किए गए एवं मुर्शिदाबाद जिला परिषद के सभाधिपति मुशर्रफ हुसैन ने दावा किया कि यह पार्टी के बीच आंतरिक कलह का नतीजा है। पश्चिम बंगाल में इस साल अप्रैल-मई में चुनाव होने वाले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव पूर्ण माहौल बना हुआ है।
Comments are closed.