महाराष्ट्र में आज देवेंद्र फडणवीस कैबिनेट का विस्तार, जानें कौन-कौन मंत्री पद की शपथ लेगा

समग्र समाचार सेवा

मुंबई,15 दिसंबर।

महाराष्ट्र में आज महायुति सरकार के कैबिनेट का बहुप्रतीक्षित विस्तार होने जा रहा है। इस विस्तार में नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा, और शपथ ग्रहण समारोह आज शाम 4 बजे नागपुर में आयोजित किया जाएगा। अब तक महाराष्ट्र में केवल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने ही शपथ ली थी।

सूत्रों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 20 से 22 नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इसके अलावा शिवसेना के शिंदे गुट के 10 से 12 और अजित पवार गुट की एनसीपी के 10 नेता भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इस सूची को लेकर अभी से ही मंत्री बनने वाले विधायकों को फोन कॉल आने शुरू हो गए हैं, जिससे उनके नाम लगभग पक्के माने जा रहे हैं।

नए चेहरों को मौका, नॉन-परफॉर्मर्स की छुट्टी
महायुति सरकार में इस बार कई नए चेहरों को मंत्री बनने का मौका दिया जा सकता है। वहीं, जिन मंत्रियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा, उनका पत्ता कट सकता है। सूत्रों के अनुसार, शिंदे गुट के 4, भाजपा के 3 और अजित पवार गुट के 2 नेताओं को इस बार मंत्री पद से बाहर रखा जा सकता है।

मंत्री बनने वाले संभावित विधायकों की सूची
भाजपा कोटे से:

  1. नितेश राणे
  2. शिवेंद्रराजे भोसले
  3. चंद्रकांत पाटील
  4. पंकज भोयर
  5. मंगलप्रभात लोढ़ा
  6. गिरीश महाजन
  7. जयकुमार रावल
  8. पंकजा मुंडे
  9. राधाकृष्ण विखे पाटील
  10. गणेश नाइक
  11. मेघना बोर्डिकर

अजित पवार गुट की एनसीपी से:

  1. आदिती तटकरे
  2. बाबासाहेब पाटील
  3. दत्तमामा भरणे
  4. हसन मुश्रीफ
  5. नरहरी झिरवाण

शिवसेना (शिंदे गुट) से:

  1. संजय शिरसाट
  2. भरत गोगवाले
  3. उदय सावंत
  4. दीपक केसरकर

महत्वपूर्ण विभागों का बंटवारा
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के सहयोगी दलों को पिछली महायुति सरकार की तरह ही वही विभाग दिए जा सकते हैं। हालांकि, शिवसेना को एक अतिरिक्त मंत्रालय मिलने की संभावना है। देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में भाजपा ने फैसला किया है कि शिवसेना को उनकी पार्टी की मौजूदा ताकत को देखते हुए एक और महत्वपूर्ण मंत्रालय दिया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री अजित पवार को वित्त मंत्रालय मिलने की संभावना है। वहीं, शिवसेना के कुछ वरिष्ठ नेताओं को शहरी विकास और सार्वजनिक निर्माण जैसे विभाग मिल सकते हैं।

महायुति का यह कैबिनेट विस्तार महाराष्ट्र के आगामी राजनीतिक समीकरणों में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मंत्रियों की आधिकारिक घोषणा के बाद शपथ ग्रहण समारोह में इन नामों पर मुहर लगने की उम्मीद है।

 

Comments are closed.