जीजी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली,21 मई । भारत की रक्षा ताकत में अब एक और धमाकेदार जुड़ाव होने जा रहा है। जिस ‘कामिकेज ड्रोन’ ने हाल ही में पाकिस्तान में आतंक के अड्डों को निशाना बनाकर उन्हें नेस्तनाबूद कर दिया, अब उसी ड्रोन का स्टील्थ वर्जन तैयार कर रहा है DRDO। यह ड्रोन न सिर्फ दुश्मन के रडार से बचकर टारगेट पर वार करेगा, बल्कि ऐसा कहर बरपाएगा कि दुश्मन को संभलने का मौका भी नहीं मिलेगा।
कामिकेज ड्रोन यानी आत्मघाती ड्रोन, जो खुद को टारगेट पर गिराकर दुश्मन के ठिकानों को तबाह करता है। भारत ने हाल ही में LoC के पार पाकिस्तान में आतंकियों के लॉन्च पैड्स और घुसपैठ की तैयारी कर रहे ठिकानों पर कामिकेज ड्रोन से सर्जिकल अटैक जैसा वार किया था। अब DRDO इसका ऐसा वर्जन बना रहा है जो पूरी तरह स्टील्थ टेक्नोलॉजी से लैस होगा—यानि रडार इसे पहचान ही नहीं पाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, नया स्टील्थ कामिकेज ड्रोन होगा:
-
लो-ऑब्जर्वेबल डिजाइन के साथ, ताकि यह दुश्मन की रडार पर नजर ही न आए।
-
AI और GPS-गाइडेड सिस्टम से लैस, जो मिशन को और भी सटीक और स्वचालित बनाएगा।
-
250-300 किमी की रेंज, यानी दुश्मन की सीमा में घुसकर अंदरूनी टारगेट को खत्म करने की ताकत।
-
हाई-एक्सप्लोसिव वॉरहेड, जो टैंक, बंकर और रडार सिस्टम तक को उड़ाने में सक्षम होगा।
DRDO के वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले समय में युद्ध की परिभाषा बदलने वाली है। अब पारंपरिक टैंकों और लड़ाकू विमानों से ज्यादा महत्व सटीक, साइलेंट और स्मार्ट हथियारों का होगा—और यही कामिकेज ड्रोन भारत को अगले स्तर की मारक क्षमता देगा।
LoC पार किए गए हालिया हमलों में पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों को भारी नुकसान हुआ है। बिना किसी सैनिक के पैर जमीन पर रखे, भारत ने ये संदेश दिया है कि अब दुश्मन की हर हरकत का जवाब मिलेगा, वो भी बिना चेतावनी के। पाक खुफिया एजेंसियों के इनपुट के मुताबिक, अब उनके लॉन्च पैड्स को हर वक्त हवा से आने वाले इस अदृश्य खतरे का डर सताने लगा है।
यह स्टील्थ ड्रोन पूरी तरह ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत तैयार किया जा रहा है, जो देश को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगा। विशेषज्ञ मानते हैं कि यह तकनीक सिर्फ पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि चीन जैसे दुश्मनों को भी कड़ा संदेश देगी।
अब भारत के पास सिर्फ मिसाइलें ही नहीं, बल्कि ऐसे ‘अदृश्य योद्धा’ होंगे, जो चुपचाप घुसकर दुश्मन के अड्डे को राख कर देंगे।
ये नया स्टील्थ कामिकेज ड्रोन भारत की सैन्य रणनीति में वो गेम-चेंजर साबित हो सकता है, जिसकी कल्पना अब तक सिर्फ हॉलीवुड फिल्मों में होती थी।
Comments are closed.