समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 16 जुलाई: भारत-श्रीलंका द्विपक्षीय रिश्तों को नई ऊर्जा देने के लिए श्रीलंका के 24 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नई दिल्ली में विदेश सचिव विक्रम मिस्री से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में श्रीलंका की 14 राजनीतिक पार्टियों के युवा नेता शामिल हैं, जिन्होंने भारत में अपने दो हफ्ते के कार्यक्रम की शुरुआत की।
युवा नेताओं की भूमिका पर जोर
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने मुलाकात के दौरान कहा कि भारत और श्रीलंका के रिश्तों को भविष्य में मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के युवाओं के बीच संवाद और आपसी सहयोग भविष्य की दिशा तय करेगा।
विदेश मंत्रालय ने भी अपने आधिकारिक पोस्ट में इस मुलाकात को सकारात्मक बताया और कहा कि दोनों देशों की साझेदारी को गहरा करने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का महत्व बहुत बड़ा है
क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा
बैठक में क्षेत्रीय भू-राजनीतिक हालात, साझा सुरक्षा हित और पहले से मौजूद सुरक्षा समझौतों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। भारत और श्रीलंका के बीच 2,500 साल पुराना सांस्कृतिक रिश्ता है, जिसे इस तरह की पहल और मजबूत बनाती हैं
पिछले हफ्ते हुई थी तैयारियां
पिछले सप्ताह श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने इसी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर भारत दौरे की तैयारी और एजेंडे पर चर्चा की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष रिजवी सलीह समेत 20 सांसद और श्रीलंकाई संसद के चार वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
PM मोदी ने दिखाई प्रतिबद्धता
अप्रैल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका का दौरा कर राष्ट्रपति अनुरा कुमार डिसानायका से मुलाकात की थी। पीएम मोदी राष्ट्रपति डिसानायका के पदभार ग्रहण करने के बाद श्रीलंका जाने वाले पहले विदेशी नेता बने थे। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने पर सहमति जताई थी।
पीएम मोदी ने 700 श्रीलंकाई नागरिकों को क्षमता निर्माण और आर्थिक सहायता के लिए प्रशिक्षित करने की नई योजना की घोषणा भी की थी। उन्होंने श्रीलंका को भारत की ‘पड़ोस पहले’ नीति और MAHASAGAR दृष्टि में अहम बताया।
दो देशों के रिश्ते और होंगे मजबूत
भारत और श्रीलंका के बीच साझा इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक संपर्क एक मजबूत बहुआयामी साझेदारी की नींव हैं। दोनों देशों की सरकारें इस रिश्ते को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए लगातार सक्रिय हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.