समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 21 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर शुरू हुए सेवा पखवाड़ा के तहत पूरे देश में रविवार को ‘नमो युवा रन’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। दिल्ली से लेकर मुंबई, जयपुर, देहरादून और अहमदाबाद तक भाजपा शासित राज्यों में हजारों युवाओं ने दौड़ में भाग लेकर फिटनेस, राष्ट्र सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
दिल्ली में नेताओं ने दी हरी झंडी
दिल्ली में आयोजित मैराथन को केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर भाजपा की राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर और दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सागर त्यागी भी मौजूद रहे।
मुंबई में मिलिंद सोमन संग दौड़े युवा
मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता मिलिंद सोमन और भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या की मौजूदगी में नमो युवा रन को हरी झंडी दी। फडणवीस ने कहा कि यह दौड़ भारत को फिट और नशा मुक्त बनाने के संकल्प का प्रतीक है।
यूपी और हरियाणा में युवाओं का उत्साह
आगरा में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दौड़ की शुरुआत की और कहा, “नमो मैराथन का आयोजन नशा मुक्त भारत, विकसित भारत और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ जैसे लक्ष्यों को लेकर किया गया है।”
कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने द्रोणाचार्य स्टेडियम से दौड़ शुरू कराई। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का संदेश दिया।
उत्तराखंड से ओडिशा तक दौड़
देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद युवाओं के साथ दौड़े। भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और अगरतला में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी मैराथन को हरी झंडी दिखाई।
राजस्थान और गुजरात में भव्य आयोजन
जयपुर में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने दौड़ को रवाना किया, जबकि जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ शामिल हुए।
अहमदाबाद में आयोजित नमो युवा रन को गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने शुरू किया और युवाओं से नशा छोड़कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
झारखंड में जोश
जमशेदपुर में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित पांच किलोमीटर लंबी मैराथन में बड़ी संख्या में छात्र, खिलाड़ी और स्थानीय लोग शामिल हुए। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की और विजेताओं को सम्मानित किया।
राष्ट्रव्यापी संदेश
कार्यक्रम में नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा “खेलेगा इंडिया तो खिलेगा इंडिया” के विजन को आगे बढ़ाया है। नमो युवा रन न केवल फिटनेस को बढ़ावा देती है, बल्कि युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी, नशामुक्त जीवन और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करती है।
Comments are closed.