बिहार में एनडीए की वापसी तय! सर्वे में मिली बड़ी बढ़त, नीतीश-मोदी की जोड़ी फिर दिखाएगी दम

समग्र समाचार सेवा
पटना, 7 अक्टूबर: बिहार विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। दो चरणों में होने वाले इस चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति और जनसंपर्क अभियान तेज कर दिए हैं। इसी बीच आईएएनएस-मैटराइज के ताजा सर्वे ने राज्य की सियासत में हलचल मचा दी है। सर्वे के अनुसार, बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनती नजर आ रही है, जबकि विपक्ष को करारा झटका लगता हुआ दिखाई दे रहा है।

सर्वे के मुताबिक, बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से एनडीए गठबंधन को 150 से 160 सीटों तक मिलने का अनुमान है, जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ को 70 से 80 सीटों तक सिमटने की आशंका जताई गई है। इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।

एनडीए नेताओं में उत्साह, विपक्ष में निराशा

बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने इस सर्वे को लेकर कहा कि,

“जितनी सीटें हमें दी जा रही हैं, उससे कहीं ज्यादा हम जीतने जा रहे हैं। हमारा लक्ष्य 185 सीटों का है। नीतीश कुमार जैसा जननेता बिहार में कोई नहीं है। उन्होंने गरीबों, वंचितों और किसानों के जीवन में न्याय और विकास लाया है।”

उन्होंने आगे कहा कि 2010 से भी बेहतर प्रदर्शन एनडीए का होगा और चुनाव आयोग से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद जताई।

‘200 सीटें जीतना तय’ – भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि,

“एनडीए किसी भी हाल में 200 सीटें जीतेगा। बिहार के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संयुक्त भूमिका ने राज्य को नई दिशा दी है। आज लोग जानते हैं कि विकसित बिहार केवल पीएम मोदी की गारंटी है।”

जदयू का दावा – ‘हर गली में बोलता है विकास’

जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि बिहार के हर गांव में एनडीए सरकार की योजनाएं और विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं।

“जिन लोगों ने राजनीति में सिर्फ संपत्ति सृजन किया, जनता उन्हें अस्वीकार कर चुकी है। इस बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी।”

जदयू सांसद संजय झा ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, एनडीए की सीटें 200 पार पहुंचेंगी।

“नीतीश कुमार हमारे नेता हैं। 1990 के दशक की अराजकता से निकलकर आज बिहार विकास की राह पर है। आने वाले पांच वर्षों में बिहार शीर्ष 10 राज्यों में शामिल होगा।

‘अभूतपूर्व जीत के लिए तैयार एनडीए’ – भाजपा नेता संजय टंडन

भाजपा नेता संजय टंडन ने कहा कि एनडीए इस बार भी रिकॉर्ड बहुमत से सत्ता में वापसी करेगा।

“हमारा गठबंधन पिछले चुनाव से भी अधिक सीटें जीतेगा। जनता का विश्वास हमारे काम और नेतृत्व पर है।”

आईएएनएस-मैटराइज सर्वे ने बिहार की राजनीतिक दिशा का एक स्पष्ट संकेत दे दिया है। एनडीए के आत्मविश्वास और विपक्ष की चिंताओं के बीच अब सबकी निगाहें चुनाव आयोग की घोषणा और पहले चरण की मतदान तिथि पर टिकी हैं।
नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की जोड़ी के विकास मॉडल पर जनता का भरोसा अगर बरकरार रहा, तो ‘बिहार में फिर नीतीश सरकार’ का नारा एक बार फिर गूंज सकता है।

 

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.