भारत की राष्ट्रपति ने पनडुब्बी आईएनएस वाघशीर में यात्रा की
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा— पनडुब्बी चालक दल का अनुशासन और आत्मविश्वास भारतीय नौसेना की युद्ध-तैयारी का प्रमाण
-
राष्ट्रपति ने पश्चिमी तट पर स्वदेशी पनडुब्बी आईएनएस वाघशीर में यात्रा की
-
दो घंटे से अधिक समय तक पनडुब्बी के परिचालन और अभ्यासों का अवलोकन
-
राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के बाद पनडुब्बी में यात्रा करने वाली दूसरी राष्ट्रपति
-
स्वदेशी रक्षा क्षमताओं और सर्वोच्च कमांडर की सक्रिय सहभागिता का संदेश
समग्र समाचार सेवा
कारवार (कर्नाटक), 29 दिसंबर: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पश्चिमी तट पर स्थित कर्नाटक के कारवार नौसेना बंदरगाह से स्वदेशी पनडुब्बी आईएनएस वाघशीर में समुद्री यात्रा की। इस दौरान नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी भी राष्ट्रपति के साथ मौजूद रहे।
राष्ट्रपति ने दो घंटे से अधिक समय तक पनडुब्बी के भीतर रहकर परिचालन गतिविधियों का अवलोकन किया और चालक दल के अधिकारियों व नाविकों से संवाद किया। इस भ्रमण के दौरान पनडुब्बी की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण और समुद्री अभ्यासों की जानकारी भी दी गई।

यह यात्रा कई दृष्टियों से ऐतिहासिक रही। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के बाद पनडुब्बी में यात्रा करने वाली दूसरी राष्ट्रपति बनीं। साथ ही, यह स्वदेशी कालवरी श्रेणी की पनडुब्बी पर किसी राष्ट्रपति की पहली यात्रा भी है, जो सैन्य परिचालन स्थितियों में सशस्त्र बलों के साथ सर्वोच्च कमांडर की निरंतर सहभागिता को दर्शाती है।
आगंतुक पुस्तिका में अपने संदेश में राष्ट्रपति ने लिखा कि आईएनएस वाघशीर पर नाविकों और अधिकारियों के साथ नौकायन और गोताखोरी का अनुभव उनके लिए अत्यंत विशेष रहा। उन्होंने कहा कि पनडुब्बी द्वारा किए गए सफल परीक्षण और चुनौतीपूर्ण अभियान चालक दल की असाधारण तत्परता और समर्पण को दर्शाते हैं, जो इसके आदर्श वाक्य ‘वीरता वर्चस्व विजय’ के अनुरूप है।

राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि वाघशीर के चालक दल का अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्साह यह प्रमाणित करता है कि हमारी पनडुब्बियां और भारतीय नौसेना किसी भी खतरे और हर परिस्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले नवंबर 2024 में राष्ट्रपति ने स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर भी नौसेना के परिचालन प्रदर्शन को देखा था।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.