केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित तमाम नेताओं ने पंडित भीमसेन जोशी की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की

भारत रत्न से सम्मानित महान हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक की जयंती पर केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें नमन किया।

  • अमित शाह, गिरिराज सिंह, मनोहर लाल, नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान ने ‘एक्स’ पर किए पोस्ट
  • भजनों और शास्त्रीय गायन से वैश्विक पहचान दिलाने का किया स्मरण
  • राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी दी श्रद्धांजलि
  • भीमसेन जोशी की साधना और स्वर-परंपरा को बताया अमर

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली | 04 फरवरी: भारत रत्न से सम्मानित प्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक पंडित भीमसेन जोशी की जयंती पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित देश के कई वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश साझा कर संगीत के क्षेत्र में भीमसेन जोशी के अतुलनीय योगदान को याद किया।

अमित शाह का संदेश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी ने अपने भजनों और अद्भुत संगीत के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय संगीत को वैश्विक पहचान दिलाई। अनेक भारतीय भाषाओं में गायन कर उन्होंने समाज को जोड़ने का उल्लेखनीय कार्य किया।

अन्य केंद्रीय मंत्रियों की श्रद्धांजलि

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत की अमर स्वर-परंपरा का महान प्रतीक बताया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने उन्हें मां सरस्वती का परम उपासक और नए युग का सूत्रपात करने वाला गायक कहा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मराठी भाषा में संदेश साझा करते हुए विनम्र अभिवादन किया।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें संगीत का सच्चा सेवक बताते हुए कहा कि उनकी अनुपम आवाज से संगीत जगत सदैव सुवासित रहेगा।

राज्यों से भी नमन

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी पंडित भीमसेन जोशी की जयंती पर शत-शत नमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।

पंडित भीमसेन जोशी को उनकी गहन साधना, भजन, ठुमरी और खयाल गायकी के लिए हमेशा स्मरण किया जाएगा। भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.