UGC-NET पेपर में गड़बड़ी NTA ने इंग्लिश कॉमर्स सोशियोलॉजी की परीक्षा रद्द कर दोबारा

समग्र समाचार सेवा 

नई दिल्ली, 17 अगस्त :नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC-NET के अंग्रेज़ी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी पेपर में बार-बार सवाल, टाइपो और तथ्यात्मक गलतियों की शिकायतों के बाद इन विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। अब ये परीक्षाएं 9 और 10 सितंबर को दोबारा होंगी, जिसमें छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

विशेषज्ञ समिति की जांच में पाया गया कि प्रश्नपत्रों में न सिर्फ वर्तनी और अनुवाद संबंधी गलतियां थीं, बल्कि कई सवाल पुराने प्रश्नपत्रों से हूबहू दोहराए गए थे। समाजशास्त्र के पेपर में विद्वानों के नाम तक गलत लिखे गए—जैसे ‘Ritzer’ को ‘Putzer’, ‘Ghurye’ को ‘Ghunye’। अंग्रेजी में शेक्सपियर, डेरिडा, रोलां बार्थ जैसे आलोचकों वाले सवाल, साथ ही साहित्यिक कृतियों की तारीखें बार-बार पूछी गईं। कॉमर्स में टैक्स प्रोविजन, ब्रेक-इवन एनालिसिस, सर्विस मार्केटिंग के सवाल रिपीट थे।

NTA ने बयान जारी कर कहा कि निष्पक्ष और त्रुटिहीन परीक्षा के लिए तीनों पेपर दोबारा कराना जरूरी है। परीक्षा केंद्र, शहर और एडमिट कार्ड की जानकारी जल्द ही वेबसाइट पर दी जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर एनटीए की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले NEET-UG 2026 का पेपर लीक हो चुका है। संसद समिति और छात्रों ने एनटीए से परीक्षा पारदर्शिता और सुरक्षा पर बड़े सुधार की मांग की है।

UGC-NET परीक्षा सहायक प्रोफेसर की पात्रता और पीएचडी प्रवेश के लिए अहम है, इसलिए किसी भी गलती या लापरवाही से लाखों छात्रों के करियर पर सीधा असर पड़ता है। अब देखना है कि दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा कितनी त्रुटिहीन और पारदर्शी रहती है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.