समग्र समाचार सेवा
काठमांडू, 29 अगस्त नेपाल में भीषण बाढ़ के बीच लूटपाट की शर्मनाक घटनाएं सामने आई हैं। त्रिशुली नदी से बहकर आई एक तिजोरी को तोड़कर करीब 92.68 लाख रुपये लूटने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही, नारायणी नदी में बहकर आई महिला के शव से सोने की बालियां छीनने का वीडियो वायरल होने के बाद दो अन्य को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, तिजोरी भोटेकोशी इलाके में आई बाढ़ में बह गई थी और बाद में धाडिंग जिले के बेलखुखोला में मिली। सूचना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 29 आरोपियों से 92,68,505 रुपये बरामद किए। गिरफ्तार किए गए अधिकतर आरोपी स्थानीय निवासी हैं, जबकि कुछ चितवन और परसा के रहने वाले हैं। इस बीच, नारायणी नदी में बहकर आई महिला के शव से गहना चोरी करने वाले दो युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
नेपाल में बाढ़ से हालात बदतर हैं। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, अब तक 626 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2,426 लोग लापता हैं। पुलिस नकदी के असली स्रोत और अन्य संदिग्धों की तलाश में जांच कर रही है।
यह घटनाएं नेपाल में मानवता और सामाजिक मूल्यों पर भी सवाल उठाती हैं, जहां आपदा में भी कुछ लोग अपराध के मौके तलाश रहे हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.