टीवी की बदलती संस्कृति में भाषा व संवेदना बचाने पर जोर
विश्व टेलीविजन दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित वेबिनार में विशेषज्ञों ने प्रसारण की भाषा, जनहित और डिजिटल बदलावों पर विमर्श किया।
- टीवी की बदलती संस्कृति में भाषा और संवेदना पर जोर।
- डिजिटल युग में दर्शकों की पसंद का हुआ लोकतंत्रीकरण।
- जनहित, साहित्य और बच्चों की सामग्री पर विशेष ध्यान।
समग्र समाचार सेवा
जयपुर/नई दिल्ली, 25 नवंबर: आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों के विस्तार ने दर्शकों को अपनी रुचि व सुविधा के अनुसार कार्यक्रम चुनने की व्यापक स्वतंत्रता प्रदान की है, लेकिन प्रसारण माध्यमों में भाषा की मर्यादा, मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। विश्व टेलीविजन दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित 245वीं वेबिनार में प्रसारण क्षेत्र के वरिष्ठ विशेषज्ञों और शिक्षाविदों ने यह विचार व्यक्त किए। कम्युनिकेशन टुडे और भारतीय विद्यापीठ, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस परिचर्चा का विषय ‘बदलती टेलीविजन संस्कृति — तकनीक, कहानियाँ और समाज’ रखा गया था, जिसमें टेलीविजन के ऐतिहासिक सफर, बदलते स्वरूप और समाज पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर गहन चर्चा की गई।
परिचर्चा में आकाशवाणी के पूर्व उप महानिदेशक लक्ष्मी शंकर वाजपेयी ने कहा कि डिजिटल माध्यमों और नए प्लेटफॉर्म्स के प्रसार से दर्शकों की पसंद का लोकतंत्रीकरण हुआ है। अब किसी एक चैनल का एकाधिकार नहीं रहा और दर्शक अपनी आवश्यकता व समय के अनुसार सामग्री का चयन कर रहे हैं। उन्होंने सामूहिक रूप से टेलीविजन देखने के दौर का स्मरण करते हुए बताया कि एक समय था जब मोहल्ले और परिवार के लोग एक स्थान पर एकत्र होकर फिल्में, चित्रहार और धारावाहिक देखते थे, जबकि अब व्यक्तिगत विकल्पों और अनेक माध्यमों ने देखने की आदतों व संस्कृति को नया रूप दिया है।
लक्ष्मी शंकर वाजपेयी ने प्रसारण की भाषा और समाचार चैनलों की बहसों के स्तर पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि जन सरोकारों से जुड़े विषयों—जैसे बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और पर्यावरण प्रदूषण—पर गंभीर व तथ्यात्मक विमर्श बढ़ना चाहिए। एफएम गोल्ड और प्रसारण क्षेत्र के अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए उन्होंने शुद्ध भाषा, स्पष्ट उच्चारण और जनहित के कार्यक्रमों की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील सामग्री के दर्शक आज भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं, जिसका प्रमाण संवेदनशील विषयों पर निर्मित लघु फिल्मों को मिलने वाली सकारात्मक प्रतिक्रिया से मिलता है। साथ ही, उन्होंने बच्चों के लिए रचनात्मक कार्यक्रमों, युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और प्रसारण संस्थानों में पेशेवर दृष्टि व सांस्कृतिक समझ को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
दूरदर्शन, दिल्ली के पूर्व वरिष्ठ कार्यक्रम निदेशक डॉ. अमरनाथ अमर ने दूरदर्शन की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि नागरिक जागरूकता के उद्देश्य से आरंभ हुए प्रसारण में समय के साथ कृषि, विज्ञान, स्वास्थ्य, साहित्य और विभिन्न सामाजिक वर्गों से जुड़े कार्यक्रम समाहित हुए। भारतीय भाषाओं, क्षेत्रीय संस्कृतियों और विविध जीवन-अनुभवों को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने में दूरदर्शन की भूमिका को उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।
डॉ. अमर ने साहित्यिक कृतियों पर आधारित धारावाहिकों और फिल्मों की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि रचनाकारों व साहित्यकारों की कहानियों को दृश्य माध्यम में प्रस्तुत करने से समाज का एक बड़ा वर्ग साहित्य और संवेदनाओं से जुड़ा। उन्होंने प्रायोजित कार्यक्रमों और निजी चैनलों के आगमन के साथ कार्यक्रम निर्माण, विषय चयन और व्यावसायिक अपेक्षाओं में आए बदलावों का भी विश्लेषण किया। मोबाइल और लघु वीडियो के बढ़ते चलन पर विचार रखते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए उपयुक्त सामग्री का चयन, मीडिया साक्षरता विकसित करना, विज्ञापनों से उत्पन्न उपभोक्तावादी आकांक्षाओं व सौंदर्य की धारणाओं के प्रभाव को समझना तथा घरों में पुस्तकों और पठन संस्कृति के लिए स्थान बनाए रखना समय की आवश्यकता है।
राजस्थान विश्वविद्यालय के जनसंचार केंद्र के पूर्व अध्यक्ष एवं कम्युनिकेशन टुडे के संपादक प्रो. संजीव भानावत ने कहा कि तीव्र तकनीकी परिवर्तनों के दौर में बच्चों और युवाओं को सही दिशा देने में परिवार तथा शिक्षण संस्थानों की भूमिका अत्यंत निर्णायक है। उन्होंने प्रश्नोत्तर शैली में परिचर्चा का संचालन किया, जिसमें मेरठ के मीडिया शिक्षक डॉ. सूरज देव प्रसाद ने भी अपने विचार साझा किए।
आयोजन के दौरान भारतीय विद्यापीठ के कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्रोफेसर श्रीकांत सिंह ने वक्ताओं को ई-बुके और ई-स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस आभासीय परिचर्चा के सफल आयोजन में जयंत राठी, पुष्पेंद्र सिंह, प्रियंका सिंह तथा डॉ. पृथ्वी सेंगर का उल्लेखनीय योगदान रहा।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.