यूपी चुनाव: सपा का घोषणापत्र जारी

5 रु. कैंटीन, 25 लाख नौकरियां और 50% PDA कोटा सहित कई बड़े ऐलान

  • समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए “पीडीए घोषणापत्र” किया जारी
  • पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) युवाओं के लिए उच्च शिक्षा नीति, पेपर लीक पर सख्ती, सभी परीक्षाएं समय पर, रिजल्ट पारदर्शी
  • बेरोजगार ग्रेजुएट्स को 5,000 रुपए मासिक भत्ता, 25 लाख सरकारी नौकरी और हजारों नौकरियों के नए अवसर
  • “समाजवादी कैंटीन” में 5 रुपए में भोजन, वरिष्ठ महिलाओं और मजदूरों को 40,000 वार्षिक पेंशन, ठेके में 50% पीडीए कोटा

समग्र समाचार सेवा

लखनऊ, 26 नवंबर: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के मौके पर पार्टी का “पीडीए घोषणापत्र” जारी किया। सपा ने आर्थिक, सामाजिक और शिक्षा नीति को पिछड़े वर्ग, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) के लिए केंद्र में रखा है। पार्टी ने वादा किया कि युवाओं के लिए विशेष राज्य शिक्षा नीति लाई जाएगी, सभी परीक्षाएं समय से कराई जाएंगी, रिजल्ट पूरी पारदर्शिता से आएंगे और पास होने पर सरकारी रोजगार में अवसर उपलब्ध होंगे।

ग्रेजुएट स्तर तक बेरोजगार पीडीए युवाओं को 5,000 रुपए मासिक भत्ता मिलेगा। पार्टी ने घोषणा की कि 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी मिलेगी व अन्य सेक्टरों में हजारों रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। राज्यभर में समाजवादी कैंटीन खोली जाएगी, जहां 5 रुपए में भरपेट भोजन मिलेगा।
वरिष्ठ महिलाओं और मजदूरों, महिला मजदूरों, दस्तकारों को 40,000 रुपए सालाना पेंशन सीधे खाते में मिलेगी। 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में 50% PDA कोटा लागू होगा। 26,000 बंद प्राथमिक स्कूलों को पुन: खोला जाएगा और 12वीं पास छात्रों को लैपटॉप दिया जाएगा।
अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा—“आज जब कुछ ताकतें संविधान को खत्म करना चाहती हैं, ऐसे में पीडीए सामाजिक न्याय और आरक्षण के अधिकार की रक्षा के लिए खड़ा रहेगा।”

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.