गोवा में तृणमूल कांग्रेस को झटका, पूर्व विधायक लवू मामलातदार सहित पांच नेताओं ने पार्टी से दिया इस्तीफा

समग्र समाचार सेवा
पणजी, 25दिसंबर। गोवा में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने से पहले वहां अपनी सरकार बनाने का दावा करने वाली तृणमूल कांग्रेस पार्टी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जोरदार झटका लगा है। पोंडा के पूर्व विधायक सहित पांच नेताओं ने टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसकी प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। त्यागपत्र में कहा गया कि हम उस पार्टी से जुड़े नहीं रह सकते जो गोवा को बांटने की कोशिश कर रही हो।

सीएम ममता बनर्जी को भेजे त्यागपत्र में नेताओं ने कहा कि हम तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिकता से इस्तीफा देते हैं। हम इस उम्मीद से पार्टी में शामिल हुए थे कि ये गोवा और गोवा निवासियों के लिए अच्छे दिन लाएगी। मगर दुर्भाग्य से हमारे संज्ञान में आया है कि ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITMC) ने गोवा और यहां के निवासियों को समझा ही नहीं है।

इस्तीफा देने वालों में लवू मामलातदार के अलावा राम मांडरेकर, किशोर परवार, कोमल परवार और सुजय मलिक का नाम शामिल है।

Comments are closed.