पडरौना के राजा ने छोड़ी कांग्रेस, भाजपा के साथ बात लगभग पक्की

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 25 जनवरी। कांग्रेस पार्टी को उत्तर प्रदेश में एक और बड़ा झटका लगा है। ज्योतिरादित्य सिंधिया, जितिन प्रसाद के बाद अब राहुल गांधी की कोर टीम का हिस्सा रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री रतनजीत नारायण प्रताप उर्फ आरपीएन सिंह ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। वह आज भाजपा में शामिल हो सकते हैं। बीते कई दिनों से आरपीएन सिंह के कांग्रेस छोड़ने की अटकलें लग रही थीं। उन्होंने ट्विटर पर बायो भी बदल दिया है।

पडरौना राजघराने से रखते हैं ताल्लुक

कुशीनगर के सांसद रहे आरपीएन सिंह पडरौना राजघराने से ताल्लुक रखते हैं। वह 2009 के लोकसभा चुनाव में स्वामी प्रसाद मौर्य को भी चुनाव में हरा चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की स्थिति में यह कांग्रेस और यूपी में चुनाव अभियान कर रही प्रियंका गांधी के लिए एक बड़ा झटका होगा।

सोनिया गांधी को सौंपा इस्तीफा

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस्तीफा सौंपते हुए आरपीएन सिंह ने लिखा कि ‘आज, जब पूरा राष्ट्र गणतन्त्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनैतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूं। जय हिंद।’ उन्होंने देश, जनता, पार्टी की सेवा का मौका देने के लिए धन्यवाद कहते हुए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

कुछ और नेता छोड़ सकते हैं कांग्रेस का साथ

सूत्रों के मुताबिक आरपीएन सिंह के साथ ही पडरौना से घोषित प्रत्याशी मनीष जायसवाल, कुशीनगर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होंगे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जिले की 3 विधानसभा सीटों पर बीजेपी की तरफ से ये सभी उम्मीदवार बनेंगे। आरपीएन सिंह इस बार खुद विधानसभा चुनाव में नहीं उतरेंगे और भविष्य में बीजेपी की तरफ से बड़ा पद दिया जा सकता है।

Comments are closed.