राजपथ पर दिखी भारतीय संस्कृति की झलक

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 26 जनवरी। भारत आज 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस साल के गणतंत्र दिवस परेड में 16 सैन्य दलों, 17 मिलिट्री बैंड तथा विभिन्न राज्यों, विभागों और सैन्य बलों की 25 झांकियों को शामिल किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस परेड-2022 भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में हो रही है जिसे पूरे देश में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘आप सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. जय हिंद!’

 राज्‍यों की झांकियां मोह रही मन

राजपथ पर अब राज्‍यों की झांकियां प्रदर्शित हो रही हैं। राजपथ पर भारतीय थल सेना, नौसेना और वायुसेना समेत सशस्‍त्र बलों ने अपना पराक्रम दिखाया। राजपथ में मेघालय की झांकी प्रदर्शित की गई। इसमें बांस की डलिया और अन्‍य प्रोडक्‍ट दर्शाए गए। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी है।

बीएसएफ ने ऊंट पर बैठकर प्रदर्शन किया

राजपथ पर गणतंत्र दिवस की परेड में बॉर्डर सेक्‍योरिटी फोर्स (बीएसएफ) के ऊंटों पर सवार बैंड ने भी प्रदर्शन किया। वहीं राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड में वायुसेना के पराक्रम को भी झांकी के रूप में प्रदर्शित किया गया। इस झांकी में मिग-21, राफेल, लाइट कॉम्‍बैट हेलीकॉप्‍टर, अष्‍लेषा रडार और जीनैट को दर्शाया गया है।

परेड में नौसेना की झांकी का भी प्रदर्शन

भारतीय नौसेना की झांकी भी राजपथ पर प्रदर्शित की गई। इस झांकी में नौसेना की बहुमुखी क्षमताओं को दिखाया गया। साथ ही आत्‍मनिर्भर भारत व आजादी का अमृत महोत्‍सव भी दर्शाया गया। उधर सेना की पैराशूट रेजीमेंट के दस्‍ते ने भी राजपथ पर सलामी दी। परेड के दौरान दस्‍ते ने सेना की नई वर्दी को पहना और टेवर असॉल्‍ट राइफल को संभाला।

जम्‍मू और कश्‍मीर लाइट इंफैंट्री ने भी राजपथ पर मार्च

जम्‍मू और कश्‍मीर लाइट इंफैंट्री ने भी राजपथ पर मार्च किया। इसका नेतृत्‍व जे एंड के एलआई की पांचवीं बटालियन के मेजर रितेश तिवारी ने किया। इस दस्‍ते ने 1970 के दौरान रही भारतीय सेना की वर्दी को पहना और 7.62 एमएम एसएलआर को संभाला। राजपथ पर जारी गणतंत्र दिवस की परेड में सिख लाइट इंफैंट्री दस्‍ते ने भी हिस्‍सा लिया है। इस दस्‍ते के मौजूदा कर्नल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे हैं।

असम रेजीमेंट ने दी सलामी

असम रेजीमेंट के दस्‍ते ने राजपथ पर मार्च करके राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद को सलामी दी। इस दस्‍ते में उत्‍तर पूर्वी सभी सात राज्‍यों के सैनिक शामिल हैं। यह दस्‍ता रिपब्लिक डे परेड का 3 बार विजयी रहा है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजपथ पर स्‍वदेशी तौर पर बनाई गई 75/24 पैक होवित्‍जर एमके-1 गल सिस्‍टम को प्रदर्शित किया गया है। परेड में सेंचुरियन टैंक, पीटी-76, एमबीटी अर्जुन एमके-आई और एपीसी टोपाज टैंक प्रदर्शन हुआ।

Comments are closed.