AAP का आरोप- सिंघु बॉर्डर से लौटने के बाद CM अरविंद केजरीवाल को किया हाउस अरेस्‍ट, दिल्ली पुलिस बोली- सरासर गलत

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 8 दिसंबर

किसानों की ओर से बुलाए गए भारत बंद के बीच आम आदमी पार्टी ने बड़ा आरोप लगाया है। आप ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनके घर में नजरबंद कर दिया गया है। आप का आरोप है कि यह सब गृह मंत्रालय के इशारे पर किया गया है। ‘आप’ ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए बताया कि सीएम जब से सिंघू बॉर्डर पर किसानों से मिलकर वापस आए हैं तब से पुलिस ने उन्हें नजरबंद करके रखा है। सीएम की आज की सभी बैठक रद्द हो गई है।

आप ने आरोप लगाया कि गृह मंत्रालय के आदेश पर पुलिस ने दिल्ली नगर निगम के तीनों मेयर को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के मुख्य गेट के बाहर धरने पे बैठा दिया है और इसका बहाना बना कर पुलिस ने मुख्यमंत्री के घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी है। इसके चलते ना केजरीवाल से कोई मिलने आ सकता है और ना वो कहीं बाहर जा सकते हैं। आज भारत बंद के चलते गृह मंत्रालय के निर्देश पर दिल्ली पुलिस ने ये किया है।

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कल मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सिंधु बॉर्डर से किसानों से मिलने गए थे। उन्होंने कहा था कि हमलोग सेवादार के रूप में किसानों की सेवा करेंगे और उनका समर्थन करते हैं। जब से केजरीवाल किसानों मिलकर लौटे हैं, तब से दिल्ली पुलिस ने उनके घर के चारों तरफ बैरीकेड लगा दिया है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद उनको नजरबंद वाली स्थिति में रखा गया है।

उन्होंने आगे कहा कि किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं है, न ही उन्हें बाहर आने दिया जा रहा है। कल सीएम केजरीवाल के साथ बैठक के लिए मिलने गए विधायकों को पुलिस ने पीटा था। उससे पहले कार्यकर्ताओं को उनसे मिलने नहीं दिया गया। भाजपा नेताओं को उनके आवास के बाहर बैठाया जा रहा है।

वहीं इसी बीच दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को नजरबंद करने के आप के आरोपों को दिल्ली पुलिस ने बेबुनियाद बताया है। जिले के डीसीपी अंटो अल्फोंस ने इसे झूठ बताया है। उनका कहना है कि यह आरोप झूठा है। हमारी फोर्स यहां तैनात है। अरविंद केजरीवाल कल शाम भी कहीं निकले थे और रात करीब 10 बजे वापस लौटे थे। इसलिए तरह के आरोप गलत हैं।

Comments are closed.