अभाविप के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए डॉ. रघुराज तिवारी, डॉ. वीरेंद्र सोलंकी पुनर्निर्वाचित महामंत्री

मुंबई में सम्पन्न निर्वाचन प्रक्रिया में दोनों पदाधिकारियों के नाम घोषित, 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में संभालेंगे नया दायित्व

अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर डॉ. रघुराज तिवारी निर्वाचित

राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में डॉ. वीरेंद्र सोलंकी पुनर्निर्वाचित

चुनाव अधिकारी प्रो. (डॉ.) मासाड़ी बापूराव ने घोषित किए परिणाम

देहरादून में 28–30 नवंबर को अधिवेशन में पदभार ग्रहण करेंगे

समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 12 नवम्बर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री के पदों के लिए हुई निर्वाचन प्रक्रिया आज मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय में पूर्ण हुई। इस प्रक्रिया में प्रो. (डॉ.) रघुराज किशोर तिवारी को राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी को पुनः राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में चुना गया।

चुनाव अधिकारी एवं अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद के विशेष आमंत्रित सदस्य प्रो. (डॉ.) मासाड़ी बापूराव ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि दोनों पदाधिकारी आगामी 28 से 30 नवंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाले अभाविप के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में अपना नया दायित्व ग्रहण करेंगे।

रीवा (मध्य प्रदेश) निवासी प्रो. (डॉ.) रघुराज किशोर तिवारी जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के रीवा परिसर में कृषिविज्ञान विभाग में आचार्य के पद पर कार्यरत हैं। वे वर्ष 1987 से अभाविप से जुड़े हैं और कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभा चुके हैं। शिक्षण एवं शोध कार्य में उनके योगदान के लिए उन्हें ICAR का “सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार” (2014) तथा नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय का “विशिष्ट वैज्ञानिक पुरस्कार” (2016) मिला है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (म.प्र.) के क्रियान्वयन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

इंदौर निवासी डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी SAIMS, इंदौर से MBBS कर चुके हैं और MD (कम्युनिटी मेडिसिन) में अध्ययनरत हैं। वे 2014 से अभाविप से जुड़े हैं और मेडिकल शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर कई सफल आंदोलनों का नेतृत्व कर चुके हैं। निजी मेडिकल कॉलेजों में बढ़ी फीस के विरोध, विश्वविद्यालयीय अनियमितताओं तथा विद्यार्थियों के अधिकारों से जुड़े कई अभियानों में उनकी प्रमुख भूमिका रही है। वे सामाजिक सेवा के रूप में कम शुल्क पर चिकित्सा परामर्श भी प्रदान करते हैं।

Comments are closed.