समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 12 अक्टूबर: अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मौलवी आमिर खान मुत्ताकी का ताजमहल दौरा अंतिम समय में रद्द कर दिया गया है। मुत्ताकी इस समय भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं, जिसके तहत आगरा में उनके आगमन और ताजमहल भ्रमण का कार्यक्रम निर्धारित था। लेकिन अचानक मिले निर्देशों के बाद इस यात्रा को रद्द कर दिया गया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुत्ताकी को ताजमहल का दीदार करना था और इसके बाद अमर विकास होटल में दोपहर भोज का कार्यक्रम भी तय था। आगरा पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली थी, लेकिन देर रात अचानक सूचना मिली कि उनका दौरा कूटनीतिक कारणों से रद्द कर दिया गया है।
यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब मुत्ताकी का यह दौरा 30 वर्षों में किसी अफगान विदेश मंत्री का भारत का पहला दौरा था। इस यात्रा को भारत-अफगानिस्तान के बीच संभावित कूटनीतिक संवाद की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा था।
हालांकि ताजमहल दौरा रद्द होने के बावजूद मुत्ताकी का भारत दौरा जारी रहेगा। उन्होंने दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की, जिसमें क्षेत्रीय सुरक्षा, मानवीय सहायता और द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
इसके बाद मुत्ताकी ने उत्तर प्रदेश के देवबंद का दौरा किया, जहां उन्होंने इस्लामिक विद्वानों से भेंट की और कहा कि अफगानिस्तान और देवबंद के उलेमाओं के बीच गहरे धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध हैं। उन्होंने मस्जिद में नमाज अदा की और देवबंद को “इस्लामी शिक्षा का ऐतिहासिक केंद्र” बताया।
राजनयिक सूत्रों के अनुसार, आगरा यात्रा रद्द करने के पीछे सुरक्षा और कूटनीतिक कारण बताए जा रहे हैं, हालांकि किसी भी पक्ष ने इस पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
मुत्ताकी का यह दौरा भारत और अफगानिस्तान के बीच हाल के वर्षों में संपर्क और संवाद के नए अवसर खोलने वाला माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही आगरा यात्रा रद्द हुई हो, लेकिन इस दौरे का महत्व दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के पुनर्स्थापन के रूप में देखा जाएगा।
Comments are closed.