नमोत्सव में अमित शाह बोले प्रधानमंत्री मोदी का जीवन भारत को विश्व में प्रथम बनाने का रोडमैप
अहमदाबाद में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘नमोत्सव’ में गृह मंत्री ने मोदी के 24 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और गरीब कल्याण के कार्यों को बताया प्रेरणास्रोत
-
11 वर्षों में 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाने का उल्लेख
-
गरीब परिवार से निकलकर 29 देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मान तक की यात्रा
-
60 करोड़ गरीबों को घर, बिजली, शौचालय, स्वास्थ्य व शिक्षा की चिंता से मुक्ति
-
24 वर्षों में एक भी दिन अवकाश न लेने वाले नेतृत्व की मिसाल
समग्र समाचार सेवा
अहमदाबाद, गुजरात | 29 दिसंबर: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘नमोत्सव’ को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के जीवन, कर्तव्य और सिद्धांतों की ऐसी प्रस्तुति है, जो देशवासियों को 2047 तक भारत को हर क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनाने का विश्वास देती है।
2047 के लक्ष्य की प्रेरणा
अमित शाह ने कहा कि मात्र 11 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों के मन में विकसित भारत का संकल्प जगाया है। यह तभी संभव हुआ, जब उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समर्पित कर दिया और समान विचारधारा वाले लाखों लोगों की एक सशक्त टीम खड़ी की।
![]()
गरीब कल्याण का यज्ञ
गृह मंत्री ने कहा कि एक गरीब परिवार में जन्मे प्रधानमंत्री मोदी ने कटुता के बजाय गरीब कल्याण को अपने जीवन का मार्ग बनाया। बीते 11 वर्षों में 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया गया। प्रधानमंत्री आवास, बिजली, शौचालय, स्वच्छ पानी, गैस सिलेंडर, मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं और प्रति व्यक्ति प्रति माह पांच किलो मुफ्त अनाज जैसी योजनाओं के जरिए 60 करोड़ गरीबों के जीवन में गुणात्मक परिवर्तन आया है।
वैश्विक सम्मान, राष्ट्रीय गौरव
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को 29 देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिलना केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि भारत और उसके 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है। यह उपलब्धि युवाओं, बच्चों और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
![]()
गुजरात मॉडल और अथक सेवा
उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद मोदी ने सुशासन का आदर्श प्रस्तुत किया। ज्योतिग्राम योजना के जरिए गुजरात के सभी गांवों तक 24 घंटे बिजली पहुंचाना इसका उदाहरण है। शाह ने कहा कि 24 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में प्रधानमंत्री मोदी ने एक भी दिन छुट्टी नहीं ली और अहर्निश जनता की सेवा की।


Comments are closed.