205 विस्थापित परिवारों को भूमि आवंटन प्रमाण-पत्र, अमित शाह बोले– यही है मोदी सरकार की कार्य संस्कृति

  • नवा वणझर गाँव के 205 परिवारों को भूमि आवंटन प्रमाण-पत्र वितरित
  • ₹400 करोड़ की माइक्रो-टनलिंग ड्रेनेज परियोजना से 15 लाख लोग लाभान्वित
  • एशिया में पहली बार इस तकनीक से बिना खुदाई बिछी सीवर लाइन
  • विपक्ष पर हमला: 2029 में भी मोदी के नेतृत्व में बनेगी सरकार

समग्र समाचार सेवा
अहमदाबाद | 28 दिसंबर: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद के नवा वणझर गाँव में 205 विस्थापित परिवारों को भूमि आवंटन के प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि यह आयोजन छोटा जरूर है, लेकिन इसका सामाजिक महत्व बहुत बड़ा है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने विस्थापित परिवारों को अस्थायी रूप से बसाकर भविष्य के भरोसे छोड़ दिया था, जबकि मोदी सरकार ने उन्हें खोजकर स्थायी समाधान दिया है।


अमित शाह ने अहमदाबाद में ₹400 करोड़ की लागत से बनी वेस्टर्न ट्रंक सीवर लाइन परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना से शहर के 9 वार्डों—गोटा, चांदलोडिया, बोडकदेव, घाटलोडिया, जोधपुर, मकरपुरा, सरखेज, वेजलपुर और थलतेज—के लगभग 15 लाख नागरिकों को स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह एशिया की पहली परियोजना है, जिसमें माइक्रो-टनलिंग तकनीक से जमीन के नीचे पाइपलाइन बिछाई गई, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित नहीं हुआ।

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई ‘कार्य संस्कृति’ का गुजरात में प्रभावी अनुसरण हो रहा है, जहां जन समस्याओं का समाधान समय से पहले किया जा रहा है। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का उदाहरण बताया।


राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता की पसंद का विरोध करता है, ऐसे में उसे वोट कहां से मिलेंगे। उन्होंने दावा किया कि बंगाल और तमिलनाडु में भी विपक्ष की हार तय है और 2029 में एक बार फिर मोदी के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी।

Comments are closed.