समग्र समाचार सेवा
पटना, 1मार्च।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अरुण कुमार सिंह बिहार के नए मुख्य सचिव बनाए गए हैं। वर्ष 1985 बैच के बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी व विकास आयुक्त रहे अरुण कुमार सिंह को मुख्य सचिव बनाए जाने की अधिसूचना रविवार को सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी कर दी। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी राज्य के नए विकास आयुक्त होंगे। वह महानिदेशक, बिपार्ड के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।
मुख्य सचिव रहे दीपक कुमार को सेवानिवृति के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का प्रधान सचिव बनाया गया है। 2 फरवरी, 2002 के आदेश के अलोक में सृजित पद पर उन्हें नियुक्त किया गया है। हालांकि उनकी नियुक्ति की शर्तें बाद में तय होंगी। वर्ष 1984 बैच के आईएएस अधिकारी रहे दीपक कुमार रविवार को सेवानिवृत हो गए। वह पिछले वर्ष ही फरवरी में सेवानिवृत होनेवाले थे पर उन्हें दो दफे 6-6 महीने का सेवा विस्तार दिया गया था।
मुख्य सचिव और विकास आयुक्त के पद पर तैनाती के अलावा 6 अन्य आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव चैतन्य प्रसाद को गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। वह निबंधन, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के प्रधान सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे। कला, संस्कृति एंव युवा विभाग के प्रधान सचिव रवि मनुभाई परमार का तबादला लघु जल संसाधन विभाग में किया गया है।
अब कला, संस्कृति एवं युवा विभाग उनके पास अतिरिक्त प्रभार के तौर पर रहेगा। लघु जल संसाधन विभाग के सचिव संतोष कुमार मल्ल को सूचना प्रावैधिकी विभाग का सचिव बनाया गया है। वह पर्यटन विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे।
Comments are closed.