अशोक सिंहल जन्मशताब्दी वर्ष: विहिप ने की विश्वव्यापी कार्यक्रमों की घोषणा
दिल्ली के भारत मंडपम में 27 सितंबर को होगा भव्य उद्घाटन समारोह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और संत समाज रहेंगे मौजूद।
- विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने अशोक सिंघलजी के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में वर्ष भर चलने वाले विश्वव्यापी कार्यक्रमों की घोषणा की है।
- दिल्ली के भारत मंडपम में 27 सितंबर को भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
- इस वर्ष भर के आयोजनों के दौरान राम मंदिर निर्माण के साथ-साथ काशी-मथुरा के संकल्प, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों को गति दी जाएगी।
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 27 सितंबर: भारतीय संस्कृति के संवाहक, सनातन धर्म की रक्षा के लिए आजीवन समर्पित रहने वाले और अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रणेता श्रद्धेय अशोक सिंहलजी की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद (VHP) ने एक व्यापक कार्ययोजना की घोषणा की है। इस संबंध में इंद्रप्रस्थ (दिल्ली) में एक विशेष पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता और विश्व हिन्दू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आलोक कुमार ने बताया कि आगामी 27 सितंबर से अशोक सिंहलजी के प्रेरणादायी जीवन, उनके दूरदर्शी चिंतन और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण करते हुए वर्ष भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
काशी और मथुरा के संकल्प को मिलेगी गति
पत्रकार वार्ता के दौरान श्री आलोक कुमार ने कहा कि अयोध्या धाम में भव्य श्रीराम मंदिर के निर्माण के बाद अब इस जन्मशताब्दी वर्ष में समाज काशी और मथुरा की मुक्ति के उनके महान संकल्प को भी द्रुत गति से आगे बढ़ाएगा। इसके साथ ही अवैध धर्मांतरण पर प्रतिबंध, घरवापसी को बढ़ावा देने, वैदिक ज्ञान-विज्ञान के प्रचार-प्रसार, मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त कराने तथा सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। इन सभी उद्देश्यों को पूरा करने के लिए पूरे देश और दुनिया भर में हजारों विचार गोष्ठियों, सम्मेलनों और जन-जागरण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
भारत मंडपम में भव्य उद्घाटन समारोह और विशेष प्रदर्शनियां
अशोक सिंहल फाउण्डेशन एवं विश्व हिन्दू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में जन्मशताब्दी वर्ष का भव्य उद्घाटन समारोह 27 सितंबर, रविवार को सायं 4 बजे से नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम के प्लेनरी हॉल (लेवल-3) में आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर उनके जीवन, आध्यात्मिक संस्कारों, संगठनात्मक क्षमता और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही, ‘मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के दिव्य पदचिह्न’ पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया जाएगा। इसके अलावा, ‘श्रीराम स्तंभ’ के प्रतिरूप का अनावरण और उसके डिजिटल लोकार्पण के माध्यम से भगवान श्रीराम के वन-गमन मार्ग से जुड़े सांस्कृतिक स्थलों को जनमानस से जोड़ने का प्रयास होगा।
दिव्यांग बंधुओं के लिए विशेष सेवा शिविर और वैश्विक आयोजन
सेवा और समर्पण को ही अपने जीवन का ध्येय मानने वाले अशोक सिंघलजी की याद में अयोध्या स्थित कारसेवकपुरम में दिव्यांग बंधुओं के लिए कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं सहायता उपकरण वितरण शिविर का शुभारंभ भी 27 सितंबर को किया जाएगा, जो 1 अक्टूबर 2026 तक निरंतर पांच दिनों तक चलेगा। विहिप के अनुसार, 27 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच देश के 47 प्रमुख स्थानों पर विभिन्न प्रांतों में उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न होंगे, जिसके पश्चात वर्ष भर संपूर्ण विश्व में हजारों स्थानों पर सेवा, समरसता और जन-जागरण के कार्यक्रम अनवरत चलते रहेंगे।
इस गरिमामयी समारोह में परम पूज्य युगपुरुष महामंडलेश्वर स्वामी परमानंद गिरि जी महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त होगा। इसके अलावा, माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले अति विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सभी देशवासियों से इस महान राष्ट्रनायक के जन्मशताब्दी वर्ष से जुड़ने की अपील की है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.