तमिलनाडु में भाजपा-एनडीए को मजबूत करने वरिष्ठ सदस्य बी.अशोक जैन ने दिए अहम सुझाव

2026 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में सत्यनिष्ठा, जमीनी कार्यकर्ताओं से जुड़ाव और संगठनात्मक अनुशासन पर दिया जोर

समग्र समाचार सेवा
चेन्नई, 12 फरवरी: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सदस्य बी. अशोक जैन ने तमिलनाडु में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए 15 सूत्री सुझाव देते हुए राज्य नेतृत्व को पत्र लिखा है। यह पत्र राज्य संगठन सचिव प्रशोबकुमार को संबोधित है, जिसकी प्रति राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष को भी भेजी गई है।

श्री जैन ने अपने पत्र में 2026 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी में आंतरिक सुधार और मजबूती पर जोर दिया है। तमिलनाडु भाजपा की कार्यकारिणी समिति के पूर्व सदस्य और 1979-84 में एबीवीपी के पूर्व राज्य कोषाध्यक्ष रहे श्री जैन ने पार्टी में चरित्र, सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद को प्राथमिकता देने की बात कही है।

नेताओं को दी जिम्मेदारी की सीख

अपने सुझावों में श्री जैन ने साफ शब्दों में कहा है कि पार्टी के पद किसी विशेषाधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी हैं। उन्होंने नेताओं से अपेक्षा की है कि वे व्यक्तिगत मुलाकात, सोशल मीडिया और सीधे संपर्क के जरिए कार्यकर्ताओं तक पहुंचनीय बनें। पार्टी कार्यकर्ताओं की शिकायतों और सुझावों पर तुरंत ध्यान देने तथा संगठन में विश्वास बहाल करने पर भी जोर दिया गया है।

भ्रष्टाचार पर सख्ती और पृष्ठभूमि जांच की मांग

श्री जैन की प्रमुख सिफारिशों में अन्य दलों से भाजपा में आने वाले लोगों की सख्त पृष्ठभूमि जांच की बात कही गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अवैध या भ्रष्ट गतिविधि में लिप्त पाए जाने वाले नेता या कार्यकर्ता को तुरंत निलंबित किया जाना चाहिए।

वित्तीय पारदर्शिता, नेताओं के प्रदर्शन का त्रैमासिक मूल्यांकन और सोशल मीडिया समेत सार्वजनिक मंचों पर मर्यादित आचरण बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया गया है। उन्होंने संघ और भाजपा के मूल संस्कारों के परिपेक्ष्य में सदस्यों को फिजूलखर्ची से बचने, सादगी अपनाने और पार्टी के भीतर दिखावे की संस्कृति पर रोक लगाने का आह्वान किया है।

पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान जरूरी

वरिष्ठ सदस्य अशोक जैन ने पूर्व नेताओं और लंबे समय से पार्टी की सेवा कर रहे कार्यकर्ताओं के सम्मान की बात भी उठाई है। साथ ही, समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाने को संगठनात्मक जरूरत बताया है।

2026 की तैयारी में जुटी पार्टी
गौरतलब है कि तमिलनाडु में 2026 के विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं और सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बना रहे हैं। भाजपा राज्य में अपने संगठनात्मक विस्तार के प्रयासों में जुटी है और ऐसे में श्री जैन के सुझाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि श्री बी. अशोक जैन केवल राजनीतिक व्यक्तित्व ही नहीं बल्कि एक प्रतिभाशाली गायक, संगीतकार, कवि और लेखक भी हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान उनका गीत “मोदी को लाना है — भारत को बचाना है” देश-विदेश में खूब वायरल हुआ था। इस गीत की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पीएमओ की टीम के द्वारा भी सराहना की गई थी।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.