-
- बेंगलुरु डेकेयर में बच्चों के शोषण का वीडियो वायरल, जांच शुरू
- खुलासा करने वाली महिला व्हिसलब्लोअर गिरफ्तार, पुलिस ने बताया “बराबर की भागीदार”
- दो स्टाफ गिरफ्तार, कंपनी ने एजेंसी पर कार्रवाई की मांग की
- कर्नाटक बाल अधिकार आयोग और पुलिस दोनों कर रहे हैं अलग-अलग जांच
समग्र समाचार सेवा
कर्नाटक,बेंगलुरु, 8 जुलाई : बेंगलुरु के एक प्रमुख आईटी पार्क के अंदर स्थित डेकेयर सेंटर में बच्चों के साथ क्रूरता की वीडियो सामने आने के बाद शहर में हलचल मच गई। इन वीडियो में डेकेयर स्टाफ को 2 साल तक के बच्चों को वॉशिंग मशीन के ड्रम में बैठाने और उन पर पानी की तेज धार डालते हुए देखा गया। एक अन्य वीडियो में बच्चों को टॉयलेट में बंद किया गया था।
इन भयावह घटनाओं का खुलासा एक महिला व्हिसलब्लोअर ने किया, जिसने वीडियो रिकॉर्ड कर सबूत के तौर पर वायरल कर दिए। पुलिस ने हालांकि, व्हिसलब्लोअर को भी गिरफ्तार कर लिया और उसे “जुर्म में बराबर की भागीदार” बताया। पुलिस का कहना है कि उसके खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं और वह वीडियो वायरल करने के साथ रिपोर्ट करने में देरी की दोषी भी है।
फिलहाल दो डेकेयर कर्मचारी, विजयलक्ष्मी और मंजुला, गिरफ्तार हो चुकी हैं। पुलिस ने कंपनी कैपजेमिनी, अभिभावकों और चश्मदीदों से पूछताछ की है। कैपजेमिनी ने भी एजेंसी ‘लिटिल स्कॉलर्स’ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कंपनी की शिकायत को मौजूदा एफआईआर में ही शामिल किया जाएगा।
कर्नाटक बाल अधिकार आयोग ने भी राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। पूरे मामले की जांच तेज़ी से चल रही है और हर जिम्मेदार की भूमिका की जांच की जा रही है।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.