“बिहार बंद: पीएम मोदी और उनकी मां पर अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में NDA का आह्वान, महिला मोर्चा करेगी नेतृत्व”

समग्र समाचार सेवा
पटना, 3 सितंबर: बिहार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 4 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिहार बंद का ऐलान किया है। भाजपा महिला मोर्चा इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेगी।

बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि यह बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सेवाएं जैसे अस्पताल, आपातकालीन सेवाएं और रेल संचालन प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि “यह सिर्फ राजनीतिक बंद नहीं है, बल्कि हमारी माताओं और बहनों की गरिमा की रक्षा का आंदोलन है।”

विपक्ष पर NDA का सीधा हमला

दरभंगा में विपक्षी दलों की रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित अपमानजनक टिप्पणी पर NDA ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जदयू नेता उमेश कुशवाहा ने कहा कि विपक्ष के नेताओं ने प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया है, जो न केवल राजनीतिक बल्कि नैतिक रूप से भी निंदनीय है। उन्होंने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, “अब तक किसी नेता ने माफी नहीं मांगी, जो उनके घमंड को दर्शाता है।”

पीएम मोदी का INDIA ब्लॉक पर पलटवार

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रत्यक्ष रूप से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर हमला बोला। उन्होंने उन्हें “नामदार” करार देते हुए कहा कि, “ये लोग गरीब मांओं का संघर्ष और उनके बच्चों के दुख को कभी नहीं समझ सकते। इनके लिए शक्ति एक विरासत है, न कि संघर्ष का परिणाम।”
पीएम मोदी ने कहा कि “राजसी परिवारों में पैदा हुए युवा राजकुमार चांदी की चम्मच के साथ बड़े हुए हैं। उनके लिए देश और बिहार की ताकत सिर्फ परिवार की मिल्कियत जैसी लगती है।”

बिहार की सियासत में नई जंग

NDA का यह बंद बिहार की राजनीति को एक बार फिर टकराव की ओर ले जाता दिख रहा है। विपक्ष की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक माफी या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बंद आने वाले दिनों में राज्य की सियासी हवा को और ज्यादा गर्म कर देगा।

 

Comments are closed.