बिहार कांग्रेस के एआई वीडियो पर बवाल, अनुराग ठाकुर बोले- “कांग्रेस-आरजेडी ने गिराई राजनीति की मर्यादा”

समग्र समाचार सेवा
पुणे, 13 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां को लेकर बिहार कांग्रेस द्वारा साझा किए गए एक एआई जनरेटेड वीडियो ने राजनीतिक हलचल मचा दी है। इस वीडियो को लेकर बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और आरजेडी पर कड़ा हमला बोला।

पुणे में आयोजित “पुणे ऑन पैडल” साइकिल रैली और “पुणे वॉकाथॉन 2025” के दौरान पत्रकारों से बातचीत में ठाकुर ने कहा,
“मां का स्थान हर किसी के जीवन में सर्वोच्च होता है। लेकिन कांग्रेस और आरजेडी इतनी नीचे गिर गई हैं कि प्रधानमंत्री की दिवंगत मां का अपमान करने के लिए एआई वीडियो बना दिया। यह कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। राजनीति में क्या इतनी गिरावट जरूरी है कि किसी की मां को गाली दी जाए?”

कांग्रेस पर माफी न मांगने का आरोप

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने न केवल माफी नहीं मांगी, बल्कि गलती को दोहराया। उन्होंने कहा,
“बिहार की जनता कांग्रेस और आरजेडी को माफ नहीं करेगी। आने वाले चुनावों में जनता उन्हें करारा जवाब देगी।”

यह विवाद तब और बढ़ गया जब इससे पहले बिहार के दरभंगा में कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के मंच पर एक व्यक्ति ने पीएम मोदी और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी की थी।

बीजेपी का पलटवार, कांग्रेस का बचाव

बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस को “मानसिक संतुलन खोने” तक कह डाला। बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पीएम मोदी की छवि खराब करने के लिए लगातार अपमानजनक शब्दों और तरीकों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर भी संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाया।

वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पलटवार करते हुए कहा कि इस वीडियो में किसी तरह की असम्मानजनक बात नहीं है।
खेड़ा ने कहा,
“कहां है असम्मान? एक शब्द, एक इशारा दिखा दीजिए जहां असम्मान दिखता हो। माता-पिता का धर्म होता है कि वे बच्चों को शिक्षा दें। अगर बच्चा इसे अपमान समझता है तो यह उसकी समस्या है। बीजेपी हर मुद्दे को फर्जी सहानुभूति में बदल देती है।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राजनीति में हैं, इसलिए उन्हें आलोचना और विपक्ष की नसीहतों को स्वीकार करना चाहिए।

एआई वीडियो ने बढ़ाई राजनीति की गर्मी

यह विवाद ऐसे समय में उठा है जब बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। कांग्रेस द्वारा साझा किए गए इस एआई वीडियो ने राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है। जहां बीजेपी इसे दिवंगत माता का अपमान बताकर कांग्रेस पर हमलावर है, वहीं कांग्रेस इसे “नसीहत” बता रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा चुनावी राजनीति में और तेज़ी से गूंज सकता है।

 

Comments are closed.