बिहार चुनाव 2025: भाजपा ने जारी की प्रचार समिति और दृष्टिपत्र समिति की सूची  

समग्र समाचार सेवा
पटना, 29 सितंबर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को बड़ा कदम उठाते हुए अपनी 45 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति और 13 सदस्यीय दृष्टिपत्र समिति की सूची जारी कर दी। इस सूची में केंद्र और राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को शामिल किया गया है।

पार्टी ने दावा किया है कि समिति में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का पूरा ध्यान रखा गया है। इसका मुख्य कार्य प्रचार अभियान की रणनीति बनाना और उसे बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करना होगा। साथ ही केंद्रीय नेतृत्व के बड़े नेता भी बिहार आकर इस अभियान को और धार देंगे।

चुनाव प्रचार समिति में दिग्गज और नये चेहरे

भाजपा की चुनाव प्रचार समिति में कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल हैं। इनमें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सतीश चंद्र दुबे, राजभूषण निषाद और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे का नाम प्रमुख है।

इसके अलावा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राधा मोहन सिंह, संजय जायसवाल, गोपाल नारायण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, अश्विनी चौबे और राजीव प्रताप रूडी को भी समिति में स्थान दिया गया है।

सूची में सांसद विवेक ठाकुर, प्रदीप कुमार सिंह, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, गोपालजी ठाकुर, अशोक यादव, शंभु शरण पटेल और धर्मशीला गुप्ता का नाम शामिल है।

सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेनु देवी, मंत्री प्रेम कुमार, जनक राम, हरि सहनी, तथा पूर्व सांसद रमा देवी को भी जगह दी गई है।

दिलचस्प बात यह है कि समिति में कई नये और युवा चेहरे भी शामिल किये गए हैं, जैसे कृष्ण कुमार ऋषि, अनिल शर्मा (बख्तियारपुर), कृष्ण कुमार मंटू, राम नारायण मंडल, बेबी कुमारी, शीला प्रजापति, राजेंद्र चौपाल, यूपी शर्मा, विश्वमोहन कुमार और तल्लू वास्की

दृष्टिपत्र समिति का गठन

भाजपा ने चुनावी घोषणापत्र तैयार करने के लिए 13 सदस्यीय दृष्टिपत्र समिति भी बनाई है। पार्टी ने इसका नेतृत्व वरिष्ठ नेता सुरेश रूंगटा को सौंपा है।

प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि समिति में दो राज्यसभा सदस्य, दो विधान परिषद सदस्य और नौ अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है। इसका मकसद बिहार के विभिन्न वर्गों की आकांक्षाओं और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जनता-केंद्रित दृष्टिपत्र तैयार करना है।

इस समिति में सहकारिता मंत्री प्रेम कुमार, राज्यसभा सदस्य मनन मिश्रा और डॉ. भीम सिंह, विधान परिषद सदस्य निवेदिता सिंह और देवेश कुमार को शामिल किया गया है।

इसके अलावा राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा, राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान, प्रदेश उपाध्यक्ष अमिता भूषण राठौर और संतोष पाठक, साथ ही अजीत चौधरी, सीता सिन्हा और सुनील राम को भी सदस्य बनाया गया है।

भाजपा ने बिहार चुनाव 2025 को लेकर अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। प्रचार समिति जहां बूथ स्तर तक चुनावी अभियान को दिशा देगी, वहीं दृष्टिपत्र समिति जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप घोषणापत्र तैयार करेगी। इन समितियों में पुराने दिग्गजों और नये चेहरों का संतुलन पार्टी की व्यापक रणनीति को दर्शाता है।

 

Comments are closed.