बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का एलान स्थगित

समग्र समाचार सेवा 

नई दिल्ली, 17 अगस्त :बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का एलान करने जा रहे थे पर अभी यह स्थगित  है , जिसे पार्टी के लिए बड़ा संगठनात्मक फेरबदल माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस नए संगठन में युवाओं और अनुभवी नेताओं का संतुलन रखा जाएगा ताकि पार्टी आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए तैयार हो सके।

खास बात यह है कि इस टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और स्मृति ईरानी की वापसी की चर्चा जोरों पर है। अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद हैं जबकि स्मृति ईरानी 2019-2024 तक अमेठी से लोकसभा सांसद रह चुकी हैं। दोनों नेताओं का फिर से संगठन में आना पार्टी की रणनीतिक दिशा को दर्शाता है।

नितिन नवीन, जो इस साल की शुरुआत में 45 वर्ष की उम्र में बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, अपनी टीम में पीढ़ीगत बदलाव लाने के पक्षधर हैं। नई टीम के गठन में यूपी, बिहार जैसे बड़े राज्यों पर खास ध्यान दिया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नवीन ने यूपी के 20 सांसदों के साथ संवाद कर जातीय समीकरण, मतदाता रुझान, क्षेत्रीय मुद्दों और कार्यकर्ता मनोबल पर विस्तार से चर्चा की है।

पार्टी के वरिष्ठ और युवा दोनों ही वर्गों को प्रमुख जिम्मेदारियां दिए जाने की संभावना है, जिससे संगठन में नई ऊर्जा और संतुलन आएगा। बीजेपी का ये कदम 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए कार्यकर्ताओं और जनता में उत्साह बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.