संदीप ठाकुर
17 सितंबर यानी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। वे 71 साल के हो जाएंगे। उनके जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी तीन हफ्ते तक विभिन्न कार्यक्रमों के तहत पूरे देश में इसे एक मेगा शो के तौर पर मनाएगी। इसकी पूरी तैयारी हो चुकी है। कहीं मोदी की तस्वीर वाले 14 करोड़ राशन बैग बांटे जाएंगे तो कहीं 4 से 5 करोड़ ‘थैंक्यू मोदी जी’ पोस्टकार्ड भेजे जाएंगे। कहीं 71 हजार दीपक जलाए जाएंगे तो कहीं गंगा में 71 मीटर की चुनरी चढ़ाई जाएगी। देश भर में सभी भाजपा शासित प्रदेश और जिला मुख्यालय में पीएम मोदी के व्यक्तित्व और उनके जनकल्याण के कामों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा नमो ऐप पर भी वर्चुअल प्रदर्शनी होगी।
कई राज्यों में वैक्सीनेशन अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जाएगा। चुनिंदा वैक्सीनेशन बूथ पर वैक्सीन लगवाने के लिए आने वाले लोगों के लिए जल पान
की भी व्यवस्था होगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वास्थ्य योजना के लांचिंग की भी तैयारी है। इस योजना के तहत कोविड 19 के अलावा
अन्य संक्रामक रोगों से भी देश को मुक्ति दिलाने की दिशा में प्रयास करना शामिल है।
मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से भाजपा ने देशभर में उनका जन्मदिन मनाने की शुरुआत की थी। हर साल इस अवसर पर कुछ अलग करने का प्रयास किया जाता है। लेकिन अबकी बार बेहद खास है। खास इसलिए कि पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के मोदी के 20 साल पूरे हो जाएंगे। उन्होंने 7 अक्टूबर, 2001 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद वे मई, 2014 को पहली बार देश के प्रधानमंत्री बने। इसलिए भाजपा ने इस बार मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर उनके पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के दिन 7 अक्टूबर तक सेवा व समर्पण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। 71वें जन्मदिन पर उनके संसदीय क्षेत्र में 21 दिन में 71 आयोजन होंगे।
वाराणसी संसदीय क्षेत्र में भाजपा ” आपको हमारी उमर लग जाय ” के संकल्प के साथ विभिन्न आयोजन करेगी। वाराणसी में भारत माता मंदिर पर 71 हजार दीपक जलाने और गंगा में 71 मीटर की चुनरी चढ़ाने के कार्य को भी अंजाम दिया जाएगा। यूपी में 71 नदियों की सफाई की जाएगी। प्रदेश में 71 स्थानों पर गंगा की भी सफाई का विशेष अभियान चलाया जाएगा। कई राज्यों में पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गरीबों को मुफ्त राशन बैग का वितरण बड़े स्तर पर होगा। पार्टी के सभी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अन्न वितरण केंद्र पर जाएंगे।
प्रधानमंत्री बनने के बाद से भाजपा के सभी छोटे बड़े सोशल कैंपेन का चेहरा प्रधानमंत्री मोदी ही होते हैं। इस बार इसे और बढ़ा चढ़ा कर
दिखाया जाएगा। महामारी के दौरान सुविधा पाने वाले लाभार्थियों की तरफ से ‘थैंक्यू मोदी जी’ वाले पोस्टकार्ड भेजे जाएंगे। जिन्हें कोरोना की
वैक्सीन लग गई है उसका वीडियो प्रसारित किया जाएगा। बीजेपी के कार्यकर्ता बिहार के सभी जिलों में रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, आंख की जांच और ऑपरेशन के लिए शिविर लगाने का भी काम करेंगे। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम अस्पताल और अनाथालय में मरीज और जरूरतमंद लोगों के बीच फल और अन्य आवश्यक वस्तु का वितरण भी किया जाएगा। इसके अलावा सभी जिलों में लोगों को स्वच्छता अभियान चलाने, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ उन्हें जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा। बिहार में मेगा वैक्सीनेशन ड्राइव भी चलाया जाएगा। पार्टी के नेता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि वैक्सीनेशन सेंटर पर जाएंगे।
Comments are closed.