भाजपा का संकल्प पत्र हिमाचल की नई उड़ान का दस्तावेजः अनुराग ठाकुर

समग्र समाचार सेवा
शिमला, 8 नवम्बर। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद व केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल व युवा कार्यक्रम मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सुजानपुर विधानसभा में 7 जनसभाएं करके भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी संकल्प पत्र को हिमाचल के विकास की नयी ऊँचाइयों पर ले जाने वाला दस्तावेज बताया है।

श्री अनुराग ठाकुर का कहना था कि ” हिमाचल प्रदेश का चहुंमुखी विकास भारतीय जनता पार्टी ने ही सुनिश्चित किया है और आगे भी इसी क्रम को जारी रखने के लिए हमने अपना संकल्प पत्र हिमाचल की जनता के सामने रखा दिया है। यह संकल्प पत्र हिमाचल के विकास को नये पंख लगाने वाला, प्रदेश को नई ऊँचाइयों पर ले जाने वाला दस्तावेज। हिमाचल फिर एक बार डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए तैयार खड़ा है और यह संकल्प पत्र युवाशक्ति को नई ऊर्जा देने वाला, माताओं-बहनों के सशक्तिकरण, किसानों बागवानों की मुस्कान में बढ़ोत्तरी करने समेत सभी वर्गों को हितों को आगे लेकर बढ़ने वाला ब्लूप्रिंट है। आदरणीय प्रधानमन्त्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने संकल्प से सिद्धि का मंत्र दिया है और हमारा यह संकल्प पत्र विकास के सभी पैमानों पर हिमाचल को देश का अव्वल राज्य बनाने में अहम भूमिका निभाएगा”

श्री अनुराग ठाकुर ने कहा “ संकल्प पत्र में महिला विकास और सशक्तिकरण पर विशेष जोर है। छठवीं कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा तक की बच्चियों को साइकिल मिलेगी और कॉलेज जाने वाली बेटियों को स्कूटी मिलेगी। गर्भवती महिलाओं को अब 6000 नहीं बल्कि 25000 रूपये की मदद मिलेगी और हमारी बहनों को शादी के समय जो शगुन मिलता था वह अब 31000 नहीं 51000 रूपये मिलेगा।

जनसभाओं में उपस्थित विशाल महिला समूह को संबोधित करते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि ‘यदि आप कोई स्वयं सहायता समूह चलाती हैं तो उसके द्वारा बैंक से लिए गए ऋण पर 2% ब्याज हिमाचल की भाजपा सरकार देगी, जिससे आपकी बचत होगी और अगर आप होमस्टे चलाते हैं तो हिमाचल की भाजपा सरकार आपको बिना ब्याज के पैसा देगी।

श्री अनुराग ठाकुर ने इस घोषणा पर विशेष बल दिया कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण भी दिया जाएगा।
श्री अनुराग ठाकुर ने जन समूह को भाजपा के 11 प्रमुख संकल्पों के बारे में विस्तार से बताया। जिसमें अगले पांच वर्षों में युवाओं के लिए आठ लाख रोजगार सृजन करना अहम है।

भारतीय जनता पार्टी ने अपने इस संकल्प पत्र में किसानों के हित में ऐतिहासिक घोषणा की है। उसके बारे में बताते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि ‘पीएम किसान सम्मान निधि के जो 6000 रूपये, 2-2 हजार की तीन किश्तों में, किसानों के खाते में आते हैं, अब 6000 रूपये तो मोदी जी भेजेंगे और 3000 हजार रूपये आपके प्रदेश की जयराम जी की सरकार भेजेगी। 6000+3000 यानी 9000 रूपये हर साल मिलेंगे।’

Comments are closed.