समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 15 जुलाई: महाराष्ट्र की राजनीति में बीएमसी चुनाव और निकाय चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर सीधा निशाना साधा है। उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद से अब तक विपक्षी दलों की कोई बैठक नहीं बुलाई गई है, जबकि बिहार समेत कई राज्यों में चुनाव होने हैं।
कांग्रेस से अलग चुनाव की तैयारी
शिवसेना यूबीटी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय राउत पहले ही संकेत दे चुके हैं कि बीएमसी चुनाव में पार्टी अकेले मैदान में उतर सकती है। अब उद्धव ठाकरे के इस बयान ने इस संभावना को और मजबूत कर दिया है। उद्धव ने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव और महाराष्ट्र में निकाय चुनाव होने वाले हैं, लेकिन विपक्षी दलों की कोई रणनीतिक बैठक नहीं हो रही। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस तुरंत इंडिया गठबंधन की बैठक बुलाए।
गैर कांग्रेसी दलों को साधने की कोशिश
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इंडिया गठबंधन की बैठक की मांग कर उद्धव ठाकरे ने एक तीर से कई निशाने साधने की कोशिश की है। अगर कांग्रेस मीटिंग बुलाती है तो बिहार में आरजेडी को फायदा होगा और अगर मीटिंग नहीं हुई तो उद्धव ठाकरे को बीएमसी चुनाव में कांग्रेस से अलग होकर रणनीति बनाने की पूरी छूट मिल जाएगी। ऐसे में वह राज ठाकरे के साथ मिलकर चुनाव में उतर सकते हैं।
ईवीएम पर फिर उठाए सवाल
उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर चुनावों में ईवीएम के इस्तेमाल पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अब सारे चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूनाइटेड किंगडम जैसे बड़े लोकतंत्रों में भी आज बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाते हैं, तो भारत में क्यों नहीं? इंडिया गठबंधन पहले से ही ईवीएम के खिलाफ अभियान चला रहा है और अब ठाकरे के बयान ने इस मांग को फिर हवा दे दी है।
Comments are closed.