बुलन्दशहर पुलिस ने मुठभेड़ में डेढ़ लाख का इनामी बदमाश ढेर किया

समग्र समाचार सेवा

बुलन्दशहर,13 अक्टूबर।

यूपी की बुलन्दशहर पुलिस ने आज एक मुठभेड़ में डेढ़ लाख के इनामी बदमाश राजेश अहेरिया को ढेर कर दिया। राजेश पर बुलन्दशहर और अलीगढ़ में 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

बुलन्दशहर के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना के आधार पर कोतवाली देहात क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाने के लिए कहा गया था। जाल खेड़ा गांव स्थित नहर पटरी के पास बाइक पर एक युवक पुलिस को आता देख भागने लगा। जब पुलिस ने उसे रोका, तो वह एक चक रोड की तरफ भागा और फिसलकर गिर गया।

घिरते देख, बदमाश ने पुलिस पर कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान उसकी एक गोली आहार थानाध्यक्ष और सिपाही आरिफ को लगी।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए युवक को घायल कर दिया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। हायर सेंटर ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान राजेश अहेरिया पुत्र धर्मवीर जाटव, निवासी सलेहिया थाना आहार के रूप में हुई।

राजेश पर बुलन्दशहर के सभी थानों में मुकदमे दर्ज हैं, और अलीगढ़ के गभाना में भी उसके खिलाफ मामले बताए जा रहे हैं। कुल मिलाकर कुख्यात राजेश पर लूट, डकैती, चोरी, हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़े 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

घायल आहार थानाध्यक्ष और सिपाही का जिला अस्पताल में इलाज जारी है, और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार, राजेश पर बुलन्दशहर की तरफ से एक लाख का और अलीगढ़ से 50 हजार का इनाम घोषित था।

यह उल्लेखनीय है कि बुलन्दशहर पुलिस ने पहली बार गैर जनपद की पुलिस द्वारा इनामी बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराया है। सीओ और स्वाट प्रभारी की जैकेट में गोली लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए।

 

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.