समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 3जुलाई। अपने 3 माह के कार्यकाल के बाद सीएम तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार देर रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया। बता दें कि पिछले तीन दिनों से वे दिल्ली में थे। तीरथ को शुक्रवार दोपहर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके विधानसभा उप चुनाव में आ रही संवैधानिक अड़चन की जानकारी देते हुए साफ कर दिया कि उन्हें मुख्यमंत्री पद छोडऩा पड़ेगा। इसके बाद तीरथ उन्हें अपने इस्तीफे की पेशकश का पत्र सौंप देहरादून लौट आए। मुख्यमंत्री तीरथ ने रात्रि सवा 11 बजे राजभवन जाकर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है। नए मुख्यमंत्री नियुक्ति तक वे कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहेंगे।
नया नेता चुनने के लिए भाजपा के विधानमंडल दल की बैठक आज पार्टी मुख्यालय में 3 बजे होगी। पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्री मदन कौशिक की अध्यक्षता में बैठक 3 बजे होगी। सभी विधायकों को बैठक में उपस्थित रहने के लिए पार्टी की ओर से दूरभाष पर सूचना दी गई है।
तीरथ सिंह रावत ने राजभवन में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को त्यागपत्र सौंपने के बाद बीजापुर अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अभी इस्तीफा देकर आ रहा हूं। उन्होंने कहा कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 151 और संविधान की धारा 164 के चलते संवैधानिक संकट की स्थिति थी। इसे देखते हुए उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देना उचित समझा।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें समय-समय पर एमएलसी, विधायक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, सांसद और फिर मुख्यमंत्री तक के दायित्व दिए। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह समेत वरिष्ठ पार्टी नेताओं के प्रति आभार जताया।
Comments are closed.