भारतीय ओलम्पिक संघ की पहली महिला अध्‍यक्ष चुने जाने पर पी टी ऊषा को बधाई- जगदीप धनखड़

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 12दिसंबर। राज्‍यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने भारतीय ओलम्पिक संघ की पहली महिला अध्‍यक्ष चुने जाने पर राज्‍यसभा सदस्‍य पी टी ऊषा को बधाई दी। आज सवेरे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही धनखड़ ने कहा कि पी टी ऊषा को देश का हर नागरिक पहचानता है और वे अन्‍तर्राष्‍ट्रीय ख्‍याति प्राप्‍त ओलम्पिक खिलाड़ी हैं। अर्जुन और पदमश्री पुरस्‍कारों से सम्‍मानित पी टी ऊषा हाल में खेल और खेल शिक्षा को बढ़ावा दे रही हैं। खेल के क्षेत्र में उनके योगदान का उल्‍लेख करते हुए सभापति ने कहा कि पी टी ऊषा ने देश में खेल के अनुकूल माहौल बनाने में विशेष योगदान दिया है।

धनखड़ ने सुबह 11 बजे उच्च सदन को संबोधित करते हुए कहा “मैं 10 दिसंबर, 2022 को भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष बनने वाली पहली महिला और ओलंपियन बनने पर इस हाउस की एक प्रतिष्ठित सदस्य पी.टी. उषा जी को बधाई देता हूं। उन्हें किसी परिचय की आवश्यकता नहीं है। पीटी उषा 20 साल की उम्र में 1984 में लॉस एंजिल्स में ओलंपिक फाइनल में प्रवेश करने वाली पहली भारतीय महिला भी थीं। आगे चलकर उन्होंने जकार्ता में एशियाई चैम्पियनशिप में पांच स्वर्ण पदक जीतने का रिकॉर्ड बनाया।”

भारतीय ओलंपित संघ के चुनाव में पीटी उषा को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। 1960 के बाद पहली बार कोई खिलाड़ी आईओए का अध्यक्ष बना है। महाराजा यादविंदर सिंह (1938-1960) पिछले ऐसे अध्यक्ष थे जो खिलाड़ी रह चुके थे। चुनाव उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त किए गए उसके पूर्व जज नागेश्वर राव की देखरेख में संपन्न हुए। पीटी ऊषा के अध्यक्ष चुने जाने से आईओए में गुटीय राजनीति के कारण पैदा हुआ संकट भी समाप्त हो गया। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने इस महीने चुनाव नहीं कराने की दशा में आईओए को निलंबित करने की चेतावनी दी थी

Comments are closed.