समग्र समाचार सेवा,
नई दिल्ली, 24 मई: देशभर में कोरोना संक्रमण के मामलों में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। दिल्ली और गाजियाबाद के बाद अब नोएडा (गौतमबुद्ध नगर) में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है।
नोएडा के सेक्टर 110 की एक 55 वर्षीय महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। महिला को हल्के लक्षण हैं और उन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) नरेंद्र कुमार ने पुष्टि की है कि यह नोएडा जिले का पहला मामला है। उन्होंने कहा कि मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री रही है और अन्य संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
टेस्टिंग तेज, घबराने की जरूरत नहीं
सीएमओ ने बताया कि जिले में अब कोविड टेस्टिंग को फिर से सक्रिय किया जा रहा है। निजी अस्पताल में जांच के बाद महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क जरूर रहें।
इससे पहले गाजियाबाद में भी 4 कोविड पॉजिटिव मरीज पाए गए थे। अब नोएडा में पहला मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को सतर्क कर दिया है।
प्रशासन अलर्ट मोड में
प्रशासन ने सभी अस्पतालों को कोरोना से संबंधित बेड, ऑक्सीजन और दवाओं के पर्याप्त भंडारण के निर्देश दिए हैं। साथ ही नई एडवाइजरी जारी की गई है जिसमें मास्क पहनने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और भीड़ से बचने की अपील की गई है।
Comments are closed.