समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 8जून। महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में कोविड-19 फिर तेजी से फैलने लगा है। बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 5,233 नए मामलों का पता चला। मंगलवार के आंकड़े से आज का आंकड़ा 41% ज्यादा है। देश में 93 दिन बाद कोविड-19 के 5,000 से ज्यादा नए केस सामने आए। सोमवार को देशभर में कोरोना के 3,714 नए मामले दर्ज किए गए। एक दिन पहले, रविवार को 4,518 मामले दर्ज किए गए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ऐक्टिव केस 28,857 हो गए हैं जिनमें से ज्यादातर इन्हीं तीन राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में हैं। सबसे ज्यादा केस केरल से आ रहे हैं। वहां मंगलवार को 2,271 लोग पॉजिटिव टेस्ट हुए। वहीं, महाराष्ट्र से 1,881 केस आए जिनमें मुंबई के 1,242 मामले शामिल हैं। मुंबई में एक दिन पहले 676 केस आए थे यानी 24 घंटों के भीतर कोरोना केस लगभग दोगुने हो गए। राजधानी दिल्ली में से भी सोमवार के 247 मामलों के मुकाबले मंगलवार को 450 केस आए।
महाराष्ट्र और केरल के कई जिलों में पॉजिटिविटी रेट काफी ज्यादा है। केरल में पिछले सप्ताह से रोज 1,000 से ज्यादा केस आ रहे हैं। सोमवार को जहां तटवर्ती राज्य से 1,494 केस आए थे, वहीं मंगलवार को नए मामलों की संख्या 2,271 तक पहुंच गई। करीब तीन महीने बाद केरल से 24 घंटों के भीतर 2,000 से ज्यादा नए केस आए हैं। पिछले सात दिनों से वहां रोज करीब डेढ़ हजार केस आ रहे हैं।
जून के महीने में अब तक दिल्ली के अंदर कोविड संक्रमण की वजह से 3 लोगों की मौत हो चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक 7 जून को 1 मरीज की मौत हुई है। जबकि, 2 जून को 2 मरीजों की कोविड के चलते मौत हो चुकी हैं।
Comments are closed.