समग्र समाचार सेवा
ज़ाग्रेब,19 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में बुधवार को क्रोएशिया की राजधानी ज़ाग्रेब पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक भारतीय अंदाज़ में भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक, संगीत, नृत्य और संस्कृत मंत्रोच्चार की गूंज में पीएम मोदी की अगवानी की गई। सफेद पारंपरिक परिधान में क्रोएशियाई नागरिकों के एक समूह ने संस्कृत श्लोकों से प्रधानमंत्री का स्वागत कर दोनों देशों की गहरी सांस्कृतिक साझेदारी को जीवंत कर दिया।
भारतीय समुदाय के लोग भी इस क्षण को यादगार बनाने में पीछे नहीं रहे। “वंदे मातरम” और “भारत माता की जय” के नारों के साथ लोगों ने प्रधानमंत्री को देश की मिट्टी की भावना और जुड़ाव का अहसास कराया। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं इस पल को अपने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “संस्कृति के बंधन मजबूत और जीवंत हैं! यह देखकर खुशी हुई कि क्रोएशिया में भारतीय संस्कृति को इतना सम्मान मिलता है।”
द्विपक्षीय वार्ता और अहम समझौतों पर बनी सहमति
ज़ाग्रेब में प्रधानमंत्री मोदी और क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई, जिसमें दोनों देशों के बीच व्यापार, विज्ञान, संस्कृति और शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। इस बैठक में भारत और क्रोएशिया के बीच चार अहम क्षेत्रों में सहयोग के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
पश्चिम मामलों के विदेश सचिव तन्मय लाल ने जानकारी दी कि जिन चार विषयों पर एमओयू साइन किए गए, उनमें कृषि और उससे जुड़े क्षेत्र, विज्ञान और तकनीक, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, और ज़ाग्रेब यूनिवर्सिटी में हिंदी चेयर की स्थापना शामिल हैं। यह हिंदी चेयर दोनों देशों के बीच भाषायी और शैक्षिक आदान-प्रदान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक होगी।
भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते पर भी चर्चा
वार्ता के दौरान भारत और यूरोपीय संघ के बीच लंबे समय से लंबित मुक्त व्यापार समझौते पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों के नेताओं ने इस मुद्दे पर आगे की बातचीत को रफ्तार देने और समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की इच्छा जताई। यह पहल भारत और यूरोप के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूती दे सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा न केवल द्विपक्षीय संबंधों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, बल्कि यह उनके नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक और वैश्विक कूटनीति की एक नई मिसाल भी पेश करती है।
Comments are closed.