समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 5 अक्टूबर: मॉनसून के विदा होने और ठंड की दस्तक के बीच अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान शक्ति (Cyclone Shakti) ने भारत और पाकिस्तान के लाखों लोगों की चिंता बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार, आगामी 24 घंटों में यह तूफान Severe Cyclonic Storm में तब्दील हो सकता है। फिलहाल यह अरब सागर की ओर बढ़ रहा है, जिससे पाकिस्तान के कुछ तटीय इलाकों में भी असर देखने को मिल सकता है।
IMD का अलर्ट और संभावित खतरे
IMD के वैज्ञानिकों ने चेताया है कि चक्रवाती तूफान शक्ति के चलते गुजरात और उत्तर महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं। तेज हवाओं की गति आगे बढ़ने पर 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है। समुद्र में तूफान की रफ्तार 100-110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
इस बीच, IMD ने मछुआरों से 5 और 6 अक्टूबर को अरब सागर में मत जाने की सख्त चेतावनी दी है। वैज्ञानिकों का कहना है कि तूफान शक्ति खतरनाक रुख अख्तियार कर सकता है और इसके चलते भारी बारिश, पेड़ गिरने, जलभराव और तटीय क्षेत्रों में तबाही संभव है।
चक्रवात का नामकरण
इस बार के सीजन का पहला साइक्लोन अरब सागर में सक्रिय हुआ है। बता दें कि इस चक्रवात का नाम ‘शक्ति’ श्रीलंका ने रखा है। विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय होने वाले चक्रवात आमतौर पर भारत के राज्यों को प्रभावित करते हैं, लेकिन इस बार यह तूफान अरब सागर से उठकर भारत और पाकिस्तान दोनों देशों को प्रभावित करेगा।
पाकिस्तान में हाई अलर्ट
साइक्लोन शक्ति पाकिस्तान के तटीय और आसपास के क्षेत्रों के लिए भी खतरा साबित हो सकता है। पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग (PMD) ने उमरकोट, थारपारकर, बाडिन, सुजावल, टांडो मोहम्मद खान, कराची, हैदराबाद, मटियारी और जमशोरो में अलर्ट जारी किया है। PMD के अनुसार, इन क्षेत्रों में धूल भरी आंधी, तेज बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना है।
संभावित प्रभाव
विशेषज्ञों का अनुमान है कि चक्रवाती तूफान शक्ति के कारण अरब सागर के तटीय इलाकों में जलभराव और नदियों में उफान आ सकता है। तेज हवाओं और भारी बारिश से खेती, घर और सड़कें प्रभावित हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर तटीय क्षेत्रों से अल्पकालिक रिलीफ शेल्टर की ओर जाने की सलाह दी है।
प्रशासनिक तैयारियां
भारत में गुजरात, महाराष्ट्र और आसपास के तटीय जिलों में आपदा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने बचाव कार्य के लिए तैयारी शुरू कर दी है। तटीय इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के लिए टीमों को तैनात किया गया है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए लगातार ताजा पूर्वानुमान और चेतावनियां जारी करने की बात कही है। अधिकारियों ने कहा कि लोगों को समुद्र में नाव या अन्य गतिविधियों से परहेज करना चाहिए और घरों में सुरक्षित रहने पर ध्यान देना चाहिए।
Comments are closed.