समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली/नोएडा 30 जून : दिल्ली के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव शर्मा के पिता के निधन पर शनिवार को नोएडा के सेक्टर-27 स्थित क्लब-27 में आयोजित प्रार्थना सभा में देश की प्रशासनिक और पुलिस सेवा से जुड़े अनेक वरिष्ठ अधिकारियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों तथा अन्य गणमान्य लोगों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
28 जून को शाम 4 बजे से 5 बजे तक आयोजित इस प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में अधिकारियों और शुभचिंतकों की उपस्थिति रही। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा राजीव शर्मा और उनके परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
श्रद्धांजलि सभा में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आईएएस सुधांश पंत सहित कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें आईपीएस वी.के. सिंह, आईपीएस कुंवर राष्ट्रदीप, आईपीएस अनिल पालीवाल, आईपीएस विशाल बंसल, आईपीएस एस. सेंगाथिर, आईपीएस हवा सिंह घुमरिया, आईपीएस पंकज चौधरी, आईपीएस प्रफुल्ल कुमार, आईपीएस आदर्श सिद्धू, आईपीएस विपिन पांडे, आईपीएस किरण कंग सिद्ध, आईपीएस राहुल जैन और आईपीएस प्रीति जैन प्रमुख रूप से शामिल थे।
इसके अलावा सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी उमेश मिश्रा, सेवानिवृत्त महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पंकज कुमार सिंह तथा सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी हेमंत प्रियदर्शी ने भी प्रार्थना सभा में उपस्थित होकर दिवंगत को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई अन्य वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों ने भी इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं, जयपुर के प्रसिद्ध मोती डूंगरी गणेश मंदिर के महंत कैलाश शर्मा भी प्रार्थना सभा में पहुंचे और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण अत्यंत भावुक रहा। उपस्थित अधिकारियों एवं शुभचिंतकों ने राजीव शर्मा और उनके परिजनों से मुलाकात कर व्यक्तिगत रूप से शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।
प्रार्थना सभा के समापन पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति अपनी एकजुटता एवं संवेदना प्रकट की।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.