बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बने

समग्र समाचार सेवा,

पटना, 27 मई: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को दूसरी बार पुत्ररत्न की प्राप्ति हुई है। इस खुशखबरी की जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की है। तेजस्वी यादव ने नवजात शिशु के साथ अपनी एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, “सुप्रभात! इंतज़ार आखिरकार खत्म हुआ! हमारा छोटा राजकुमार आ चुका है। इस सुखद क्षण को साझा करते हुए मैं बेहद आभारी, धन्य और आनंदित महसूस कर रहा हूँ। जय हनुमान!”

तेजस्वी यादव के इस सुखद अवसर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी अस्पताल पहुंचीं और उन्हें पुत्ररत्न की प्राप्ति पर हार्दिक बधाई दी।

ममता बनर्जी ने क्या कहा?
ममता बनर्जी ने तेजस्वी यादव, उनके पिता लालू प्रसाद यादव और माता राबड़ी देवी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “मैं सभी को दिल से बधाई देती हूं। मैंने लालू जी और राबड़ी जी से भी मुलाकात की है। मेरी कामना है कि उनका परिवार हमेशा सुखी और शांतिपूर्ण रहे। चुनाव भी आने वाले हैं, इसलिए उनके लिए भी शुभकामनाएं।”

तेजस्वी यादव ने ममता बनर्जी को धन्यवाद दिया
तेजस्वी यादव ने कहा, “हम सभी बहुत खुश हैं कि हमारे परिवार में एक नए सदस्य का स्वागत हुआ है। मैं सभी शुभचिंतकों का धन्यवाद करता हूं, विशेषकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का, जिन्होंने हमें दिल से शुभकामनाएं दीं। आज भगवान हनुमान का दिन है और मैं स्वयं हनुमान जी का भक्त हूं।”

रोहिनी आचार्य ने दी बधाई
तेजस्वी यादव की बहन रोहिनी आचार्य ने भी इस मौके पर कहा, “आज हमारे परिवार के घर आँगन में नए नन्हे सदस्य बाल गोपाल जूनियर तेजस्वी का आगमन हुआ है। प्रिय भाभी राजश्री, भाई तेजस्वी, लाडली कात्यायनी और पूरे राष्ट्रीय जनता दल परिवार को हार्दिक बधाई। हमारी दुआ है कि खुशियाँ यूं ही बनी रहें और पापा-माँ का आँगन किलकारियों से भरपूर रहे। पापा-माँ को विशेष बधाई।”

यह खुशी का पल बिहार और राष्ट्रीय जनता दल परिवार के लिए अत्यंत शुभ और उत्साहवर्धक साबित हो रहा है।

Comments are closed.