बिहार के औरंगाबाद से चार वांछित नक्सली गिरफ्तार, कब्जे से हथियार और गोला बारूद बरामद

समग्र समाचार सेवा
औरंगाबाद, 24सितंबर। बिहार और झारखंड के सुरक्षा बलों के संयुक्त अभियान के दौरान औरंगाबाद जिले से चार वांछित नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इसकी जानकारी अधिकारियों ने शुक्रवार को दी।

औरंगाबाद के साथ झारखंड की पलामू पुलिस, सीआरपीएफ एवं कोबरा बटालियन की संयुक्त छापेमारी में हत्थे चढ़ा भाकपा माओवादी संगठन का कुख्यात नक्सली विनय यादव पर बिहार-झारखंड में करीब 61 नक्सल मामले दर्ज हैं। विनय की गिरफ्तारी पुलिस के लिए उल्लेखनीय सफलता मानी जा रही है। एसपी कांतेश कुमार मिश्र के साथ पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि विनय पर बिहार सरकार ने तीन लाख एवं झारखंड ने 15 लाख इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने नक्सलियों के पास से 20 लाख रुपये नकदी भी बरामद की है।

औरंगाबाद के एसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, सुरक्षाकर्मियों ने जिले के कुछ वन क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया था। ये माओवादी कई अपराधों में शामिल थे। उन्होंने बताया कि उनके कब्जे से हथियार और गोला बारूद भी बरामद किया गया है।

पलामू के एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि औरंगाबाद जिले के दाउद नगर, मदनपुर और मायापुर इलाकों से सभी वांछित नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले 18 सितंबर को झारखंड और बिहार में 60 से अधिक मामलों में वांछित माओवादी नेता दीपक यादव उर्फ कारू यादव को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया गया था। एसपी मनोज रतन छोटे ने कहा कि उसे हजारीबाग लाया गया और शुक्रवार को जेल भेज दिया गया।

Comments are closed.