समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,18 अप्रैल। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विजय जौली ने बताया कि अयोध्या में रूम बुकिंग के नाम पर उनकी संस्था ‘‘दिल्ली स्ट्डी ग्रुप’’ से पैसे की धोखाधड़ी व जालसाजी की गई है।
ज्ञात रहे 23 अप्रैल 2023 को डॉ. जौली के नेतृत्व में 156 देशों की नदियों व समुद्रों के जल से अयोध्या राम मंदिर का जलाभिषेक धूमधाम से किया गया था। 23 अप्रैल 2024 को फिर से डॉ. जौली की अगुवाई में राम मंदिर के दर्शन किये गये थे। तथा इस वर्ष भी दिल्ली से सैकड़ों राम भक्त, वंदे भारत ट्रेन द्वारा 22 अप्रैल 2025 को दिल्ली से प्रस्थान करेंगे। और 23 अप्रैल को राम लला के दर्शन तथा 24 अप्रैल को वापिस दिल्ली लौटेंगे। अयोध्या में श्रृद्धालुओं के रहने की व्यवस्था प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री जानकी महल ट्रस्ट, वासुदेव घाट, परिक्रमा रोड, अयोध्या में की जा रही है।
साईबर अपराध को अंजाम देते हुए धोखेबाजों ने मशहूर धर्मशाला व होटलों के फर्जी वेबसाईट बनाकर, लोगों से पैसे ऐंठ कर, धोखाधड़ी कर रहे हैं। ज्ञात रहे जालसाजों ने अयोध्या की प्रसिद्ध धर्मशाला ‘‘श्री जानकी महल ट्रस्ट’’ की डुप्लीकेट वेबसाईट बनाकर, मोबाईल नम्बर 84878-46269 द्वारा व्हाटसऐप पर आईडीबीआई बैंक खाता संख्याः 1022104000181464 में कुंदन कुमार के नाम से जालसाजी द्वारा, अग्रिम हजारों रूपये की धन राशि ली। यह पैसा अयोध्या राम मंदिर के दर्शनार्थ – श्रृद्धालुओं के लिए कमरों की बुकिंग के नाम पर लिया गया। तथा इस प्रकार से भाजपा नेता डॉ. जौली को गुमराह कर, ठगा गया। इसकी लिखित शिकायत दक्षिणी दिल्ली स्थित साकेत पुलिस स्टेशन, साईबर सेल में डायरी संख्याः 221 द्वारा दिनॉक 7 अप्रैल 2025 को की गई। मामले की पुलिस जांच पड़ताल करने में लगी हुई है।
इस पूरे प्रकरण से डॉ. जौली दुःखी व व्यथित हैं।
Comments are closed.