
पवन कुमार बंसल
“गुस्ताखी माफ़ हरियाणा” बताएगा भगवान कृष्ण को हरियाणा के हालात।
एक रात भयानक स्वप्न देख भगवान कृष्ण की आंख खुली। स्वर्ग लोक में बात फ़ैली तो ब्रह्मा, विष्णु , महेश सहित सभी देवता हाजिर हो गए।
भगवान बेचैन हो कह रहे थे- मेरे अर्जुन को बुलाओ। व्हाट्सएप पर सन्देश भेज अर्जुन को बुलाया गया।
भगवान कृष्ण ने पूछा- अर्जुन, मैंने गीता का उपदेश कहाँ दिया था। अर्जुन ने जवाब दिया, “हे केशव हरियाणा के कुरुक्षेत्र नगर में दिया था।”
कृष्ण ,अर्जुन के जवाब से असंतुष्ट दिखे। फिर उन्होंने यही सवाल द्रोपदी से किया। द्रोपदी नेे भी वही जवाब दिया।
कृष्ण बोले-नहीं, जिस हरियाणा में मैंने गीता का उपदेश दिया था; अब वो हरियाणा नहीं रहा। मेरा डायरेक्टर आईबी भी मुझे सही रिपोर्ट नहीं दे रहा, लेकिन दुनिया भर से हरियाणवी मुझे व्हाट्सएप पर बता रहे हैं कि आपकी धर्म नगरी हरियाणा माफिया का अड्डा बन गया है।
यहां लैंड माफिया, वाइन माफिया, प्रॉपर्टी माफिया और माइन माफिया का कब्जा है। चुनाव के समय नेता लोक-लुभावने वायदे कर भोली-भाली प्रजा को छल रहे हैं। सत्ता में आकर नेता अपना हल्का, अपनी जाति और अपने परिवार से बाहर नहीं निकलते। सत्ता पर करीब एक सौ परिवारों ने कब्ज़ा कर लिया है। नेता और अफसरों के गठजोड़ से
प्रदेश के संसाधनों को इतनी बेशर्मी से लूटा जा रहा है कि दुर्योधन भी शरमा जाए। विपक्ष भी यहां सरकार से मिल कर चलता है। न्यायपालिका से न्याय मिलना खर्चीला हो गया है।
नारद अर्थात मीडिया भी पेड और ऐड का शिकार है। गरीब प्रजा त्राहि त्राहि कर रही है। हरियाणा का जवान और किसान मेहनती है। खिलाड़ी गोल्ड मैडल ला रहे है, लेकिन उनको सम्मान देने में भेदभाव बरता जा रहा है। हरियाणा दिल्ली से तीन तरफ से घिरा है। द्रोण नगरी गुरुग्राम इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी और बड़ी कंपनियों का शहर है। यहाँ बड़ी-बड़ी अट्टालिकाएं है। बिल्डर पनप रहे है।
यह सब बता कर भगवान कृष्ण ने हरियाणा का दौरा करना चाहा तो डायरेक्टर आईबी ने यह कहते हुए मना कर दिया की वहां हालात ठीक नहीं हैं। आप यहां बैठे बैठे “गुस्ताखी माफ़ हरियाणा” से हालात की जानकारी ले लो। कृष्ण ने फोन पर बात करने का आदेश दिया।
देर रात “गुस्ताखी माफ़ हरियाणा” के मोबाइल की घंटी बजी तो अनजाना नम्बर देख मोबाइल नहीं उठाया, फिर सोचा की शायद कोई दुखिया खबर देना चाह रहा है, सोच कर फोन उठाया तो उधर से आवाज आई “मैं भगवान कृष्ण का डायरेक्टर आई बी बोल रहा हूँ। कृष्ण भगवान बात करेंगे।”
भगवान ने कहा कि मुझे आपसे काम है। “गुस्ताखी माफ़ हरियाणा” चकरा गया, फिर संभलते हुए कहा कि आप इस कलमघसीट का क्यों मजाक उड़ा रहे हो? भगवान ने हरियाणा के ताजा हालात जानने की इच्छा प्रकट की तो “गुस्ताखी माफ़ हरियाणा” ने कहा कि भगवान, हरियाणा में माफिया ही माफिया है। मै उनकी रिपोर्ट दूंगा तो मुझे खतरा है। मुझे कुछ ताकत तो दो। भगवान ने कहा मैं तुम्हें ऐसा वरदान दूंगा कि तुम किसी की भी खबर ले सकते हो।
हे “गुस्ताखी माफ़ हरियाणा” तुम मक्खी बन कहीं भी आ-जा सकते हो, कृष्ण बोले- “गुस्ताखी माफ़ हरियाणा” तुमने तो चालीस वर्ष में हरियाणा में इंडियन एक्सप्रेस , जनसत्ता, दी टाइम्स ऑफ़ इंडिया, ब्लिट्ज, सन वीकली और तहलका जैसी पत्रिकाओं और अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए हरियाणा के नेता, अफसरशाह और राजनीति को करीब से देखा और समझा है। लेकिन अब कलयुग है। तुम्हें सच जानने के लिये इस वरदान की आवश्यकता होगी।
“गुस्ताखी माफ़ हरियाणा” ने कहा- जो आज्ञा, मैं आपको हरियाणा की हर खबर दूंगा लेकिन आप भी पापियों को कडा दंड देने का वचन दें। हरियाणा मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि है। हर खबर आपको दी जाएगी। इसके साथ-साथ कोशिश होगी कि देशभर की खबरे भी दी जाये।
“गुस्ताखी माफ़ हरियाणा” ने जनसत्ता में काम किया है जिसका नारा था ‘सबकी खबर ले – सबको खबर दे और सच कहने की हिम्मत और सच कहने का सलीका। “एक बात और…वो है सच की जानकारी।
कृष्ण बोले- तथास्तु।
Comments are closed.