समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 20अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल देश के सबसे लोकप्रिय एवं सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्री बन चुके हैं। यह बात हम नही कह रहे है बल्कि आईएएनएस-सी वोटर गवर्नेंस इंडेक्स में इसका खुलासा हुआ है। इसमें कहा गया है कि सर्वे में शामिल केवल छह प्रतिशत लोग ही सीएम बघेल से नाराज हैं और ये लोग ही नेतृत्व परिवर्तन में बदलाव चाहते हैं। सर्वे के अनुसार देश के सभी मुख्यमंत्रियों के बीच सीएम के रूप में बघेल की लोकप्रियता सबसे ज्यादा है। छत्तीसगढ़ के 94 प्रतिशत लोग मुख्यमंत्री के रूप में बघेल के प्रदर्शन से खुश हैं।
सोमवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले मुख्यमंत्री हैं। वो मतदाताओं के कम से कम गुस्से का सामना कर रहे हैं। बघेल से केवल 6% लोग नाराज हैं। ये लोग बदलाव चाहते हैं। इसके विपरीत, उन्हें सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के बीच सर्वोच्च लोकप्रियता रेटिंग मिली है। छत्तीसगढ़ में लोगों का अधिक गुस्सा केंद्र सरकार और राज्य के विधायकों के प्रति है।
सर्वे में शामिल छत्तीसगढ़ के 44.7% लोग केंद्र सरकार से नाराज हैं, जबकि 36.6% उत्तरदाता ही राज्य सरकार से नाराज हैं। सी वोटर के संस्थापक यशवंत देशमुख ने कहा, “ऐसे मुख्यमंत्रियों को लोगों ने पसंद किया है जिनमें निर्णय लेने की क्षमताएं हैं और जिनके काम करने की शैली सीईओ जैसी है।
IANS ने अपनी सर्वे रिपोर्ट में कहा है, भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। इनमें कोरोना से अनाथ बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करना भी एक है। महतारी दुलार योजना के तहत ऐसे बच्चों की निजी स्कूल में पढ़ाई का खर्च भी छत्तीसगढ़ सरकार वहन कर रही है।
इस सर्वे में एक सवाल था जिसमें पूछा गया था कि आप किस मुख्यमंत्री से सबसे कम नाराज हैं। उत्तरदाताओं में से केवल 6 % ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम दिया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 10.10 % के साथ दूसरे स्थान पर रहे। वहीं 10.40 % लोगों के जवाब से ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक कम नाराजगी वाली रैंकिंग के तीसरे पायदान पर आए।
सबसे कम नाराजगी वाली रैंकिंग के सबसे निचले पायदान पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव हैं। 30.30 % लोगों ने उनके प्रति नाराजगी दिखाई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28.10 % के साथ नीचे से दूसरे स्थान पर हैं। वहीं गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत 27.70 % के साथ तीसरे स्थान पर आए हैं।
सी वोटर एक दैनिक ओपिनियन ट्रैकिंग एक्सरसाइज है। यह एक कैलेंडर वर्ष में रैंडमली चुने गए एक लाख से अधिक उत्तरदाताओं की मैपिंग करता है। प्रत्येक तिमाही यह मुख्यमंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड जारी करता है। इसमें सभी 543 लोकसभा सीटों में 30 हजार से अधिक उत्तरदाताओं को कवर किया जाता है।
Comments are closed.