समग्र समाचार सेवा
भोपाल, 23 जनवरी। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व मध्य प्रदेश में सत्ता और संगठन के कामकाज से फ़िलहाल संतुष्ट बताया जा रहा है.यदि सब कुछ ठीक रहा तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की जोड़ी ही 2023 के चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करेंगी
प्रदेश भाजपा में शीर्ष स्तर पर फेरबदल नहीं होगा। यानी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में ही 2023 के चुनाव लड़ जायेंगे।
हाल ही में दिल्ली में संपन्न भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में मध्य प्रदेश के सत्ता और संगठन के कार्य प्रदर्शन को संतोषजनक माना गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा बेहतरीन तालमेल के साथ काम कर रहे हैं। इन दोनों के तालमेल और कामकाज को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की मध्य क्षेत्र इकाई ने भी अनुकूल फीडबैक दिया है। सूत्रों का कहना है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को भले ही बरकरार रखा गया है,लेकिन अन्य प्रदेश पदाधिकारियों के बारे में यह तय है कि उनमें परिवर्तन संभव है। भाजपा खासतौर पर आदिवासियों और दलितों पर फोकस किए हुए हैं। इस वजह से करीब-करीब तय है कि मध्य प्रदेश के राज्यसभा सांसद डॉ सुमेर सिंह सोलंकी और पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य को पदोन्नति दी जा सकती है। लाल सिंह आर्य अभी भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक हैं। जबकि डॉक्टर सुमेर सिंह सोलंकी को राष्ट्रीय स्तर पर संग्रहालय और पुरातत्व की जो समिति बनी है उसमें सदस्य बनाया गया है। डॉक्टर सुमेर सिंह सोलंकी आदिवासी समाज से आते हैं और बड़वानी में इतिहास के प्रोफ़ेसर रहे हैं। संघ की सिफारिश के बाद उन्हें राज्यसभा में लाया गया था।
सूत्रों का कहना है की चुनावी वर्ष होने के कारण संघ और भाजपा का नेतृत्व संगठन में शीर्ष स्तर पर बदलाव के पक्ष में नहीं था। इस समय विष्णु दत्त शर्मा को प्रदेश हटाकर केंद्रीय टीम में लिए जाने से गलत संदेश जाता। इस वजह से विष्णु दत्त शर्मा ही 2023 में संगठन का नेतृत्व करेंगे। सूत्रों के अनुसार संघ की मध्य क्षेत्र इकाई ने भी विष्णु दत्त शर्मा के कामकाज के प्रति अनुकूल फीडबैक दिया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रदेश संगठन द्वारा किए गए नवाचार की प्रशंसा कर चुके हैं। संगठन में नवाचार करने में सबसे बड़ा योगदान विष्णु दत्त शर्मा का ही रहा है। उन्होंने मतदान केंद्र तक संपर्क स्थापित किया है, पार्टी इसका लाभ चुनाव में लेना चाहेगी। केंद्रीय नेतृत्व और संघ के मध्य क्षेत्र इकाई विष्णु दत्त शर्मा के कामकाज से पूरी तरह संतुष्ट है इसलिए चुनाव की बेला में उन्हें बदलने का रिस्क आलाकमान नहीं लेना चाहता। नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होती है तो उसे संगठन को समझने और कार्यकर्ताओं से इतने विशाल पैमाने पर संपर्क स्थापित करने में समय लगेगा इसी के मद्देनजर आलाकमान मध्यप्रदेश में बड़ा परिवर्तन नहीं करेगा।
यदि प्रदेश इकाई चाहेगी तो प्रदेश पदाधिकारियों में परिवर्तन किया जा सकता है। भाजपा आने वाले दिनों में अनेक अभियान चलाने वाली है, जिनकी योजना खुद विष्णु दत्त शर्मा ने बनाई है। इस कारण से विष्णु दत्त शर्मा को प्रदेश से हटाना संगठन के लिए हितकारी साबित नहीं होगा। आने वाले दिनों में पार्टी घर घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याणकारी कार्यों का लेखा-जोखा जनता को देगी। इसके लिए जल्दी ही विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा की जानी है। भाजपा अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों और नेताओं से कहा है कि मतदान केंद्र तक संवाद स्थापित करें और निरंतर प्रयास करें। इसी के साथ उन्होंने कहा कि नेताओं ने बड़ा दिल रखते हुए अन्य नेताओं से समन्वय बनाकर रखना चाहिए। पार्टी में मजबूती के लिए एकजुटता जरूरी है।प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने केंद्रीय नेतृत्व को जो फीड बैक दिया है, उससे आलाकमान संतुष्ट है। सूत्रों का कहना है कि मध्य प्रदेश इकाई का कामकाज संतोषजनक माना गया है।
देश के राजनीतिक विश्लेषक गुजरात को हिंदुत्व की प्रयोगशाला कहते हैं। इसी तरह मध्यप्रदेश की भाजपा इकाई संगठन की प्रयोगशाला है। यहां का संगठन भारतीय जनसंघ के जमाने से ही मजबूत है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भाजपा संगठन में पिछले दिनों जितने नवाचार किए हैं उसके कारण मध्यप्रदेश के संगठन को अखिल भारतीय स्तर पर मॉडल माना जाता है। खुद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश संगठन की प्रशंसा कर चुके हैं। प्रदेश के 65 हजार मतदान केंद्रों के लिए भाजपा ने त्रिदेव का जाल बिछा दिया है।
मतदान की टीम के अध्यक्ष, महामंत्री और बूथ लेवल अधिकारी को मिलाकर भाजपा ने त्रिदेव की टीम खड़ी की है जो प्रत्येक बूथ पर सक्रिय हैं। मतदान केंद्र में लगे सभी 3 लाख कार्यकर्ताओं को ऐप के जरिए जोड़ा गया है। इन कार्यकर्ताओं की प्रत्येक गतिविधि पर राज्य स्तर के कंट्रोल रूम से नजर रखी जा रही है। विष्णु दत्त शर्मा खुद त्रिदेव से चर्चा करते हैं और फीडबैक लेते हैं। भाजपा बूथ मैनेजमेंट के लिए डिजिटल पेज बनाने का नवाचार भी कर रही है। भाजपा ने प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव के फार्मूले को अपनाते हुए अपने आईटी सेल को मजबूत करने की पहल की है।अब पार्टी प्रत्येक मतदान केंद्र तक दो आईटी कार्यकर्ता तैयार करेगी। इसके लिए प्रशिक्षण प्रारंभ कर दिया गया है।
अग्रिम मोर्चे पर आकर नेतृत्व करते हैं विष्णु दत्त शर्मा
भारतीय सेना की तरह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा भी संगठन के स्तर पर कार्यकर्ताओं का मैदान में आकर नेतृत्व करते हैं।उन्होंने 2023 के मिशन के लिए फ्रंट पर आकर नेतृत्व करना प्रारंभ कर दिया है। विष्णु शर्मा लगातार नीचे से ऊपर तक संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने में लगे हुए हैं।
वीडी भाई साहब के नाम से कार्यकर्ताओं में लोकप्रिय श्री शर्मा ने मध्य प्रदेश भाजपा संगठन को बेहद मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है। इसी के साथ उन्होंने नवाचार भी किया है।
विष्णु दत्त शर्मा ने न केवल सत्ता और संगठन दोनों को मोब्लाइज किया बल्कि सरकार के समक्ष संगठन का महत्व साबित किया।उन्होंने मतदान केंद्रों पर जाकर भाजपा के नेटवर्क को मजबूत किया है और कार्यकर्ताओं से कंधे से कंधा मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया है। यही वजह कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भाजपा कांग्रेस के मुकाबले कहीं आगे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि विष्णु दत्त शर्मा गुटबाजी में नहीं पड़े। भाजपा के सभी बड़े नेता उन्हें पसंद करते हैं। एक वरिष्ठ नेता के अनुसार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने जिस तरह से संगठन को गतिशील किया है वह अपने आप में मिसाल हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष खुद भोपाल के वार्ड क्रमांक 69 में पन्ना प्रमुख हैं। इस तरह उन्होंने मैदानी कार्यकर्ताओं से कंधे से कंधा भिडाकर जमीनी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है और उन्हें प्रेरणा देने का काम किया है। विष्णु दत्त शर्मा वर्षों तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठन मंत्री रहे हैं। इस नाते उन्हें संगठन की बारीकियां मालूम हैं। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में विष्णु दत्त शर्मा ने नवाचार की किया है।उनकी टीम संगठन में ना सिर्फ नवाचार कर रही है बल्कि अनेक अनूठे प्रयोग भी कर रही हैं।
संगठन कामकाज से संघ संतुष्ट
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व प्रदेश भाजपा संगठन के कामकाज से संतुष्ट हैं। संगठन की दृष्टि से मध्य प्रदेश भाजपा के लिए हमेशा से महत्वपूर्ण रहा है। संघ और भाजपा का नेतृत्व चाहता था कि मध्य प्रदेश का संगठन दूसरे राज्यों के लिए प्रेरणा का काम करें। इस दृष्टि से इसे सर्वस्पर्शी और मजबूत बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। संघ की मंशा है कि भाजपा का संगठन नीचे तक चट्टान की तरह मजबूत हो। वह केवल चुनावी मशीन की तरह काम ना करें बल्कि जनता की समस्याओं को हल करने की दृष्टि से भी पहल करें। पार्टी के कार्यकर्ताओं को सामाजिक और राजनीतिक रूप से जिम्मेदार बनाया जा रहा है। उन्हें विचारधारा और पार्टी के उन नेताओं के बारे में बताया जा रहा है जिन्होंने अपना जीवन संगठन की मजबूती के लिए खपा दिया।
Comments are closed.